
प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों को 500 रूपए की राॅयल्टी पर उपलब्ध होगी रेत
लांजी(श्रेयष तिडके)। मंहगाई के दौर में मकान बनाना आसान काम नहीं है खासकर गरीब वर्ग के लोगों को खासी परेशानी होती है उस पर रेत की राॅयल्टी की मार ने हाहाकार मचा रखा था, क्षेत्र में राॅयल्टी के कारण रेत अधिक मूल्य पर बिक रही थी जिसके कारण आवास योजना के हितग्राहियों का बजट बिगड़ रहा था।
लांजी-किरनापुर विधायक सुश्री हिना कावरे ने इस बात को लेकर रेतघाट का दौरा किया और ठेकेदार राजेश पाठक से बात कर सस्ती राॅयल्टी पर रेत उपलब्ध कराने की ठानी जिसका परिणाम है कि अब 02 दिन बाद से संपूर्ण जिले के आवास योजना हितग्राहियों को सस्ती राॅयल्टी दर पर रेत उपलब्ध हो पाएगी। उल्लेखनीय है कि 26 मार्च को विधायक सुश्री कावरे ने कोचेवाही और कड़कना रेत घाट का दौरा किया था जिसके बाद 3 अप्रैल को लांजी ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवसरे द्वारा कोचेवाही घाट पंहुचकर जायजा लिया गया था।
– राॅयल्टी 500 रूपये प्रति ट्रैक्टर
जिले के सभी स्वीकृत घाटों से लायी जाने वाली रेत प्रति ट्रैक्टर 1300 रूपए राॅयल्टी पर मिल रही थी और यह गरीब जनता की जेब पर भारी पड़ रहा था। मिली जानकारी के मुताबिक लांजी – किरनापुर विधायक सुश्री हिना कावरे के प्रयास से प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रति ट्रैक्टर 500 रूपए की राॅयल्टी से रेत उपलब्ध हो पाएगी। विधायक हिना कावरे के इस प्रयास के चलते गरीबो के आशियाने को जो सहारा मिला है वह अभूतपूर्व है तो वहीं रेत परिवहन करने वालों से भी कम मुनाफे में सस्ती रेत उपलब्ध कराने की अपील विधायक सुश्री कावरे द्वारा की गई है।
– विधायक के प्रयास से रेत हुयी सस्ती
इस संबंध में सुश्री कावरे ने बताया कि उन्होने रेत ठेकेदार राजेश पाठक से इस बारे में बात की जिसके कारण अब गरीबों को रेत के भारी मूल्य का भुगतान नहीं करना पड़ेगा। राॅयल्टी में लगभग 800 रूपए की कमी होने से यह रेत कम दाम में हितग्राहियों को उपलब्ध हो पाएगी और घर बनाने के कार्य में तेजी आएगी हालांकि आवास योजना के अतिरिक्त अन्य लोगों के लिए वर्तमान राॅयल्टी रेट ही लागू रहेगा जिसे भी कम करने के लिए विधयाक सुश्री कावरे के द्वारा ठेकेदार राजेश पाठक से कहा गया है ताकि आम जनता रेत के दाम के बोझ तले ना दबे, जिस पर ठेकेदार पाठक द्वारा रियायत देने की बात कही गयी।
– सरपंच-सचिव से सहयोग की अपील
इस संबंध में विधायक हिना कावरे ने सभी ग्रामों के सरपंच और सचिवों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अपने ग्राम के प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की हस्ताक्षर व मुहर लगी सूची अपने निकटतम स्वीकृत रेत घाट तक पंहुचाए ताकि ठेकेदार हितग्राहियों को पर्याप्त निर्धारित मात्रा में उपरोक्त मूल्य पर रेत दिलाई जा सके।
– इनका कहना है
रेत के घाट का मैने दौरा किया तो पाया कि 1300 रूपए तक की राॅयल्टी वसूली जा रही है यह भारी रकम थी विशेषकर उन लोगों के लिए जो प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बना रहे थे। रेत के मूल्य पर काफी हाहाकार मचा हुआ था जिसे देखते हुए मैने सीमांकन के साथ ही सस्ती रेत के लिए जिला कलेक्टर तथा ठेकेदार से चर्चा की तो उन्होने 500 रूपए प्रति ट्रैक्टर राॅयल्टी देने पर सहमति जताई है हालांकि इसके लिए आवास योजना के हितग्राहियों को योजना से संबंधित प्रमाण प्रस्तुत करना पड़ेगा जिसके बाद ठेकेदार अथवा उनके कर्मचारियो के द्वारा उक्त दर पर रेत उपलब्ध हो पाएगी। इसके अलावा मै रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर मालिकों से भी अपील करती हूं कि वे कम से कम दाम पर गरीबों के लिए किराया ले ताकि हितग्राहियों को सस्ती रेत उपलब्ध हो सके। साथ ही इसके अलावा भी राॅयल्टी कम करने के लिए कहा है उम्मीद है जल्द ही सभी को कम दाम में रेत उपलब्ध हो पाए।
(सुश्री हिना कावरे, विधायक लांजी-किरनापुर)
रेत घाटों से मिलने वाली मंहगी रेत पर भी राजनिति गर्म थी और इसे जनहित में बताया जा रहा था लेकिन किसी को इस बात की परवाह नहीं थी कि गरीब और आमजन राॅयल्टी को लेकर कितना परेशान था। क्षेत्र की विधायक ने राॅयल्टी पर अपना पक्ष मजबूत रखते हुए राॅयल्टी में जो कमी करवाई है वह अब तक कोई नहीं करवा पाया इसके लिए क्षेत्र ही नहीं वरन संपूर्ण बालाघाट जिला उनका आभारी है। कम दाम में रेत सिर्फ प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को उपलब्ध हो पायी है लेकिन विधायक महोदया द्वारा अन्य आमजन के लिए भी राॅयल्टी कम करने को कहा गया है जिस पर ठेकेदार राजेश पाठक द्वारा सकारात्मक स्वीरोक्ति दी गई है, उम्मीद है गरीबों के साथ ही अन्य आमजन को भी जल्द ही कम मूल्य पर रेत उपलब्ध हो पाएगी।
(अजय अवसरे, अध्यक्ष ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी लांजी)





