Home हिंदी खबरे मुंबई में हुनर हाट की शुरुआत आज से

मुंबई में हुनर हाट की शुरुआत आज से

0

मुंबई में लोग अगले 12 दिनों तक देश भर के कुशल दस्तकारों, शिल्पकारों और कारीगरों का कौशल देखेंगे। बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) मैदान में आज 16 अप्रैल को “हुनर हाट” की शुरुआत हो रही है। 27 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में देश भर से आए हुनरमंदों के 400 से ज़्यादा स्टॉल लगाए गए हैं। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री श्री मुख़्तार अब्बास नक़वी ने दिल्ली से मुंबई पहुँच कर हुनर हाट की तैयारियों का जायजा लिया।

“क्राफ़्ट, क्यूज़ीन और कल्चर का संगम” टैग लाइन वाले हुनर हाट का मक़सद “वोकल फ़ॉर लोकल” अभियान को मज़बूत करना है। दैनिक ज़रूरत से लेकर बड़ी और शानदार कलाकृतियां हुनर हाट में दिखाई देंगी। इतना ही नहीं, अलग अलग राज्यों का पारंपरिक लज़ीज़ व्यंजन और पकवान भी ख़ास तौर पर यहाँ परोसा जाएगा।  स्वादिष्ट वेज और नॉन वेज खाने के अलावा बिहार की लिट्टी-चोखा, राजस्थान का दाल बाटी चूरमा, हरियाणा की रबड़ी और जलेवी, दिल्ली की चाट, इंदौर का पोहा और अन्य तमाम बेहतरीन चीजें खाने के लिए उपलब्ध होंगी।

सुबह 10 से रात 10 बजे तक चलने वाले इस हुनर हाट में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क है। हर दिन शाम को बॉलीवुड के तमाम बड़े कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। ग़ज़ल सम्राट पंकज उधास, मशहूर प्लेबैक सिंगर सुरेश वाडकर, अमित कुमार, सुदेश भोसले, दलेर मेंहदी, शब्बीर कुमार, शैलेन्द्र सिंह, अल्ताफ़ राजा और अन्य कई जाने-माने गायक हुनर हाट के मंच पर अपनी गायकी का जलवा दिखाएंगे। संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा मशहूर रैम्बो इंटरनेशनल सर्कस के 3 शो हर दिन आयोजित किए जाएंगे जिसमें करीब 25 कलाकार हैरतअंगेज़ करतब दिखा कर मुंबई के लोगों का मनोरंजन करेंगे। हुनर हाट का ये 40वाँ संस्करण है। नवंबर 2016 में शुरू हुआ हुनर हाट 39 पड़ाव पूरे कर चुका है। आम जनता के लिए हुनर हाट आज 16 अप्रैल को सुबह 10 बजे से खुल जाएगा लेकिन औपचारिक उद्घाटन 17 अप्रैल को सुबह 11 बजे केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री अनुराग ठाकुर करेंगे जबकि अल्पसंख्यक मामलों के कैबिनेट मंत्री श्री मुख़्तार अब्बास नक़वी मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होंगे।

error: Content is protected !!
Exit mobile version