Home हिंदी खबरे वरिष्ठ साहित्यकार शशि तिवारी को साहित्य अकादमी पुरस्कार

वरिष्ठ साहित्यकार शशि तिवारी को साहित्य अकादमी पुरस्कार

0

मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में हुआ भव्य सत्कार समारोह

गोंदिया। महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी द्वारा प्रतिवर्ष हिंदी साहित्यकारों को उनकी साहित्यिक सेवा के प्रति समर्पण हेतु विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है। इसी श्रंखला में अपने जीवन के 50 वर्ष से अधिक समय साहित्य की सेवा में समर्पित करनेवाले गोंदिया के वरिष्ठ साहित्यकार श्री शशि तिवारी का जीवन गौरव पुरस्कार सुब्रह्मण्यम भारती हिन्दी साहित्य सेतु पुरस्कार वर्ष 2020-21 हेतु चयन किया गया।
महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी द्वारा पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन बुधवार दि. 23 मार्च 2023 को सन्ध्या 6 बजे रंग शारदा आडिटोरियम बान्द्रा मुंबई में किया गया। इस अवसर पर अभिनेता एवं हिन्दी साहित्यकार श्री आशुतोष राणा, अभिनेता मनोज जोशी, साहित्यकार चित्रा मुद्गल, मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री विकास दवे सहित फिल्म तथा साहित्य जगत के अन्य गणमान्य अतिथियों के हस्ते राज्य स्तरीय जीवन गौरव सम्मान, स्मृतिचिह्न सम्मान पत्र, शाल व सुब्रमण्यम भारती हिन्दी सेतु विशिष्ट सेवा पुरस्कार सहित 51 हजार रुपये का धनादेश प्रदान किया गया।
इस प्रसंग पर प्रसिद्ध गायक कलाकार पद्मश्री अनूप जलोटा, विधायक एवं भाजपा बांद्रा अध्यक्ष श्री आशीष शेलार आदि की मंच पर गरिमामय उपस्थिति थी।अपने सम्बोधन में आशुतोष राणा ने बताया कि ‘अमृतम राजसम्मानम’ अर्थात सम्मान तो हर जगह से मिल जाता है, किंतु राजकीय सम्मान सभी सम्मानों में अमृततुल्य है।
उल्लेखनीय है कि यह प्रथम ही अवसर है कि गोंदिया-भंडारा जिले में साहित्य सेवा हेतु राज्यस्तरीय सम्मान किया गया है।अखिल भारतीय पुरस्कार पाने वालों में चित्रा मुद्गल, आशुतोष राणा, डॉ.अनिल मिश्र, डॉ. सुधीर पराड़कर, डॉ.कन्हैया सिंह तथा राज्य स्तरीय पुरस्कारों में श्री शशि तिवारी सहित डॉ.सुंदरचंद ठाकुर, मनोज मुन्तशिर, राकेश दुबे, ओमप्रकाश तिवारी, नीरज दवे, अनिल गलगली, प्रीति सोमपुरा , इंदिरा किसलय आदि का समावेश हैं।

Exit mobile version