
गोंदिया: गोंदिया रेलवे सुरक्षा बल एवं रेलवे सुरक्षा बल अपराध शाखा ने संयुक्त जांच के दौरान योजनाबद्ध तरीके से यात्रियों का सामान चोरी करने वाली 3 महिलाओं को पकड़ लिया. पुलिस ने महिलाओं से आभूषण एवं नकदी बरादम की है.
10 अगस्त को रेलवे सुरक्षा बल एवं रेलवे सुरक्षा बल अपराध शाखा के अफसर एवं जवानों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 2 पर सघन जांच की जा रही थी. इस दौरान दोपहर 12.50 बजे गोदिया-तिरोडी पैसेंजर (07821) स्टेशन पहुंचने पर इसमें चढ़ने वाले यात्रियों की भीड़ में तीन संदिग्ध महिलाएं यात्रियों के सामान से छेड़छाड़ करती एवं सामान की टोह लेती दिखाई दी.
पुलिस टीम ने इससे महिलाओं को रोका पूछताछ की. इन महिलाओं में नागपुर के शताब्दी चौक, रहाटेनगर टोली निवासी विजेता विनोद खड़से (30), प्रियंका भोला शेंडे (20) एवं सहिजा उत्तम मानकर (60) का समावेश है. महिलाओं से स्टेशन पर उनकी मौजूदगी के विषय में सवाल किए जाने पर पुलिस को टालमटोल जवाब मिला और वे भागने का प्रयास करने लगीं. जिसके बाद महिला सहायक उपनिरीक्षक की मदद से तीनों को घेर कर पकड़ लिया गया.
तीनों महिला की तलाशी लिए जाने पर विजेता के कब्जे से एक लाल रंग के कपड़े का छोटा पर्स (बोरीकर ज्वेलर्स अंकित) से 10 नग पीले धातु के लंबे मोती, 12 नग पीले धातु के गोल मोती एवं एक पीले धातु का लॉकेट बरामद हुआ. प्रियंका से एक लेडीज पर्स से 700 रूपए नकद बरामद हुए. तीनों महिलाओं ने पूछताछ में यह बात स्वीकारी की वे योजनाबद्ध तरीके से घेरा डालकर महिला यात्रियों के पास से कीमती सामान चोरी करती हैं. स्वास्थ्य जांच उपरांत आगे की कार्रवाई के लिए तीनों को रेल पुलिस को सौंप दिया गया.





