40.1 C
Gondiā
Wednesday, June 17, 2026
Home हिंदी खबरे महिला आरक्षक की बहादुरी से यात्री की जान बची

महिला आरक्षक की बहादुरी से यात्री की जान बची

0
44
प्लेटफॉर्म पर तैनात महिला आरक्षक की सतर्कता से टली बड़ी घटना
नागपुर,29 नवम्बर-रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोंदिया की महिला आरक्षक जया उके ने अद्वितीय साहस और त्वरित सूझबूझ दिखाते हुए एक यात्री का जीवन बचाया। मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीप चन्द्र आर्य, रेलवे सुरक्षा बल/द.पू.म.रे/नागपुर मंडल के नेतृत्व व मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल अपने मुख्य दायित्व—रेल संपत्ति एवं यात्रियों की सुरक्षा—को पूर्ण निष्ठा से निभा रहा है।
दिनांक 29.11.2025 को “ऑपरेशन जीवन रक्षा” के तहत आरपीएफ पोस्ट गोंदिया में तैनात महिला आरक्षक जया उके गोंदिया स्टेशन पर प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान गाड़ी संख्या 12105 विदर्भ एक्सप्रेस दोपहर 14:30 बजे प्लेटफॉर्म क्रमांक 05 से प्रस्थान कर रही थी कि तभी 45 वर्षीय यात्री आनंद अशोक उसरे चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते हुए अचानक संतुलन खो बैठे और प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच के गैप में गिरने लगे। स्थिति अत्यंत खतरनाक थी और यात्री ट्रेन की चपेट में आ सकते थे।
महिला आरक्षक जया उके ने बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत दौड़कर यात्री को पकड़कर गैप से सुरक्षित बाहर खींच लिया और उनकी जान बचा ली। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। उनका यह साहसिक, कर्तव्यनिष्ठ और त्वरित निर्णय क्षमता से भरा कार्य अत्यंत सराहनीय है और रेलवे सुरक्षा बल उनके इस योगदान की प्रशंसा करता है।
रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल यात्रियों की सुरक्षा के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चला रहा है और यात्रियों से अपील करता है कि आपका जीवन अमूल्य है; अतः चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे न केवल आपकी जान को खतरा होता है बल्कि जीवन बचाने वाले सुरक्षा कर्मियों पर भी जोखिम बढ़ जाता है।