
बालाघाट- कलेक्टर मृणाल मीना द्वारा प्रत्येक मंगलवार को सीएम हेल्पलाईन की लंबित शिकायतों का रेण्डमली चयन कर संबंधित विभाग के अधिकारी एवं शिकायतकर्ता का समक्ष में बुलवाकर शिकायत को सुना जाता है और उस पर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये जाते है। शिकायत के निराकरण में लापरवाही पाये जाने पर संबंधित पर कार्यवाही के निर्देश भी दिये जाते है। इसी कड़ी में 06 जनवरी को कलेक्टर द्वारा 18 शिकायतों की समक्ष में सुनवाई की गई है।
कलेक्टर श्री मीना ने ग्राम किरनापुर के शिकायतकर्ता कोमलदास मेश्राम द्वारा की गई बटांकन नही किये जाने संबंधी शिकायत के निराकरण के संबंध में पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक से जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि इस शिकायत में नक्शा बटांकन के संबंध में आदेश पारित किया जा चुका है। इसी प्रकार किरनापुर तहसील के अंतर्गत ग्राम खपराझरी के शिकायतकर्ता सतीष परते द्वारा अपनी भूमि पर किये गए अतिक्रमण संबंधी शिकायत को सुना गया, जिस पर पटवारी द्वारा बताया गया कि सतीष द्वारा जिस भूमि पर अतिक्रमण किये जाने की शिकायत की गई है उस पर उसका नाम दर्ज नही है और उसे इस संबंध में बता दिया गया है। शिकायतकर्ता सतीष अब संतुष्ट है और उसने अपनी शिकायत वापस ले ली है।
कलेक्टर द्वारा समक्ष में की गई सुनवाई के दौरान वारासिवनी तहसील के ग्राम वारा निवासी रामप्यारे आसरे की अतिक्रमण संबंधी शिकायत को संतुष्टि पूर्वक बंद कराया गया। कटंगी तहसील के अंतर्गत अर्जुननाला निवासी अभिषेक गुप्ता द्वारा शिकायत की गई थी कि इंदुबाई द्वारा उसके घर के सामने स्थित शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किया गया है और उस पर झोपड़ी बनाकर रहती है। जबकि उसके बच्चें एवं परिजन सम्पन्न है और शासकीय सेवा में है। इस प्रकरण में हाईकोर्ट द्वारा भी कहा गया है कि यदि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण है तो उसे हटाया जा सकता है। इस प्रकरण में कलेक्टर श्री मीना ने कटंगी तहसीलदार को शासकीय भूमि पर किये गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिये है। इस पर शिकायतकर्ता द्वारा अपनी शिकायत वापस ली गई है। सीएम हेल्पलाईन की लंबित शिकायतों की समक्ष में सुनवाई के दौरान खैरलांजी तहसील के ग्राम सावरी के उमाशंकर लिल्हारे, वारासिवनी के डिलेश गौतम, परसवाड़ा तहसील के ग्राम समनापुर की चंपाबाई की शिकायतों का समाधान होने पर उन्हें बंद कराया गया है।
नगरीय क्षेत्र बालाघाट की सीएम हेल्पलाईन की लंबित शिकायतों की सुनवाई के दौरान पाया गया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री बीडी कतरोलिया, उपयंत्री ज्योति एवं प्रीति द्वारा जल प्रदाय एवं अतिक्रमण संबंधी शिकायतों का उचित निराकरण दर्ज नही किया जा रहा है और भौतिक रूप से भी उन पर कोई कार्यवाही नही की जा रही है। जिस पर कलेक्टर श्री मीना ने इन तीनों अधिकारियों का 02 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये है। इस दौरान शिकायतकर्ता प्रशांत चौरसिया, आदर्श नेवारे, मोहित नागेश्वर की जल प्रदाय संबंधी शिकायतों, अनिल शर्मा की अतिक्रमण हटाने संबंधी एवं निलाजी चौहान की नालियों के पानी की निकासी व्यवस्था संबंधी शिकायतों का बंद कराया गया। इसके साथ ही नगर पालिका के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गए कि अवैध नल कनेक्शन काटे जाए और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही की जाए। वार्ड नं. 32 नर्मदा नगर के आदित्य सिंह, वार्ड नं. 10 भटेरा चौकी के अनिल कुमार पटले की नल से पानी नही आने संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये गए।





