37.3 C
Gondiā
Saturday, June 6, 2026
Home राष्ट्रीय देश बालाघाट, छिंदवाड़ा ,होशंगाबाद, विदिशा रायसेन में बारिश के सभी रिकॉर्ड टूट गये-मुख्यमंत्री...

बालाघाट, छिंदवाड़ा ,होशंगाबाद, विदिशा रायसेन में बारिश के सभी रिकॉर्ड टूट गये-मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान

0
294

blank

भोपाल(वृत्तसंस्था)30 अगस्तः प्रदेश में अति वर्षा से उत्पन्न स्थिति के संबंध में निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बताया मध्यप्रदेश में कई स्थानों पर सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। 28 और 29 अगस्त को बालाघाट, छिंदवाड़ा, होशंगाबाद, विदिशा, रायसेन में बारिश के सभी रिकॉर्ड टूट गये हैं। इसके कारण कई जगह बाढ़ के हालात उत्पन्न हो गये हैं। परसों से ही हमने राहत व बचाव का कार्य प्रारम्भ किया। हमारे अधिकारी, एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीम लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। पिछले 2 दिनों में 12 जिलों के 454 गांवों से 8 हजार से अधिक लोगों को बाहर निकाला और 170 राहत शिविर स्थापित किये। आज सवेरे से 62 लोगों को एयरलिफ्ट करके सहायगंज पहुंचा दिया गया है। रायसेन जिले के भौंती में एयरलिफ्ट का काम चल रहा है। अभी तक 10 लोगों को निकाला जा चुका है और बचाव कार्य जारी है।

एसडीआरएफ, होमगार्ड, पुलिस के जवान, एनडीआरएफ और सेना की टीम बहुत बढ़िया काम कर रही हैं। सेना ने होशंगाबाद में बचाव कार्य प्रारम्भ कर दिया है। वायुसेना के 3 हेलिकॉप्टरों से एयरलिफ्टिंग का काम चल रहा है ओर 2 और हेलिकॉप्टर आने वाले हैं। होशंगाबाद में दो माह और पांच माह के बच्चों सहित चार लोगों का परिवार फंस गया था। एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीम ने रात में ही रेस्क्यू किया। ऐसे समर्पित भाव से सेवा करने वाले सभी टीमों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। सबको सुरक्षित निकालना मेरी प्राथमिकता है। सुरक्षित निकाले गये लोगों के लिए 170 राहत कैम्पों में उचित व्यवस्था की गई है। भोजन और दवाइयों का पर्याप्त इंतजाम है। संयुक्त प्रयासों से हम इस कठिन स्थिति से भी निकल जायेंगे।

बैठक में जानकारी दी गई की भोपाल, होशंगाबाद तथा जबलपुर संभाग में निरंतर अतिवर्षा जारी है तथा अगले 48 घंटों में भी वर्षा की संभावना है। साथ ही सागर तथा उज्जैन संभाग भी वर्षा से प्रभावित हैं। ग्वालियर संभाग भी इससे प्रभावित होगा। प्रदेश के सभी बांध लगभग भर गए हैं। तवा डेम के 13 में 13 गेट खोले गए हैं, इंदिरा सागर बांध के 22 गेट, ओंकारेश्वर में 23 में से 21 गेट, राजघाट बांध पर 18 में से 14 गेट, बरगी बांध 21 में से 17 गेट खोले गए हैं। सरदार सरोवर बांध भी हाई लेवल से 7 मीटर नीचे है। मण्डला तथा पेंच बांध के भी गेट खोले गए हैं। जबलपुर संभाग में छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर में सबसे अधिक बारिश हुई है। छिंदवाड़ा के बेलखेड़ा में 150 लोगों को सुरक्षित केम्प में पहुँचाया गया। यहां बाढ़ में फंसे मधु कहार को सुरक्षित निकाला गया। नर्मदा नदी की सहायक नदियों से आ रहे पानी के कारण जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इन्दौर संभाग में सर्वाधिक वर्षा खण्डवा में दर्ज की गई है। सागर संभाग के दमोह, छतरपुर, निवाड़ी भी अतिवर्षा से प्रभावित हैं तथा राहतगढ़ में कुछ परिवारों को कैम्प पहुँचाया गया है।उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी, अपर मुख्य सचिव गृह श्री राजेश राजौरा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।blank

उमरियापान:- दो दिनों से हो रही बारिश के चलते एक कच्चे मकान की दिवार गिरने से सड़क पर खेल रहे चार मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई हैं।घटना उमरियापान थाना क्षेत्र के बनेहरा गांव की है। पुलिस मर्ग कायम करते हुए मामले को विवेचना में लिया है।

blank