बालाघाट,। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले अंतर्गंत आनेवाले लालबर्रा थाना क्षेत्र में सोनेवानी के जंगल की सैर करने गए चार युवकों को टेकाड़ी जलाशय में नाव की सैर करना उस वक्त महंगा पड़ गया। जब गुरूवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जलाशय के बीच में डोंगी अनियंत्रित होकर अचानक पलट गई। डोंगी में नाविक समेत सवार पांच युवक गहराई में डूब गए। इस हादसे में नाविक समेत एक युवक तैरकर बाहर निकल आया है। जबकि तीन युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि टेकाड़ी जलाशय में डोंगी पलटने से इसमें सवार अश्विन उर्फ राजकुमार ब्रम्हे (28) पनबिहरी निवासी पंकज (29) पिता रूपचंद पटले टेंगनीखुर्द निवासी व दीपांकर (28) पिता दिनेश बिसेन बघोली लालबर्रा निवासी डूब गए हैं। जबकि डोंगी चलाने वाला युवक कमलेश पिता सोहन शांडिल्य व एक और युवक योगेश पिता रामदयाल यादव घोटी पनबिहरी निवासी तैरकर बाहर निकल गए हैं।
मौके पर राजस्व अमला और तैराक कर रहे तलाश : हादसे की सूचना मिलने पर तहसीलदार लालबर्रा व टीआइ समेत राजस्व अमला व एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर टेकाड़ी जलाशय में डूबे हुए युवकों की तलाश शुरू कर दी।इनका कहना है : टेकाड़ी जलाशय में सोनेवानी सैर करने आए युवक उस समय हादसे का शिकार हो गए। जब वे एक नाविक के साथ डोंगी में बैठकर जलाशय की सैर कर रहे थे। इसी दौरान डोंगी पलटने से वे डूब गए। नाविक समेत एक युवक तैरकर बाहर निकल आया है। जबकि तीन की तलाश की जा रही है। – सतीश चौधरी, प्रभारी तहसीलदार लालबर्रा





