बालाघाट-सिवनी से भाजपाने भारती पारधी को बनाया प्रत्याशी,सांसद का कटा टिकट

0
145

बालाघाट- बालाघाट-सिवनी संसदीय सीट से वर्तमान सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन का टिकट कट गया है। वही पुर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन की राजनितीक कुटनिती को भी भाजपा शिर्षस्थने दरकिनार कर दिया है। भाजपा ने नगर पालिका परिषद बालाघाट से पार्षद भारती पारधी को अपना प्रत्याशी बनाया है। इधर, प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भारती पारधी बुधवार की देर शाम भाजपा कार्यालय पहुंची। जहां पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार बालाघाट-सिवनी संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाए जाने के लिए भाजपा से वर्तमान सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन, पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार, वरिष्ठ भाजपा नेत्री लता एलकर, भारती पारधी सहित अन्य ने भी दावेदारी की थी। लेकिन भाजपा केन्द्रीय चुनाव समिति ने भारती पारधी के नाम पर अंतिम मुहर लगाई है। भारती पारधी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। उल्लेखनीय है कि पार्टी प्रत्याशी बनाए जाने के लिए पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने लगातार भोपाल और दिल्ली के चक्कर काटते रहे। बताया गया है कि गौरीशंकर बिसेन अभी भी दिल्ली में ही डेरा डाले हुए है।
भाजपा कार्यालय में किया स्वागत
प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भारती पारधी भाजपा जिला कार्यालय पहुंची। जहां पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। वहीं चुनाव को लेकर आवश्यक चर्चा की। हालांकि, इस दौरान पार्टी कार्यालय में पारधी समर्थक ही ज्यादा नजर आए।
सामाजिक, राजनीतिक क्षेत्रों में सक्रिय है भारती पारधी
भारती पारधी वर्तमान समय में नगर पालिका परिषद बालाघाट के वार्ड क्रमांक 22 से पार्षद है। इसके अलावा वह पूर्व में भाजपा महिला मोर्चा में वर्ष 2000 से 2003 तक राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य रही है। इसके अलावा पूर्व भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा, पूर्व जिला महामंत्री भाजपा रह चुकी है। इसी तरह वर्ष 1999 से 2004 तक जिला पंचायत सदस्य रही थी। सामाजिक स्तर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय पवार महासभा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रही है। पति खीरसागर पारधी पूर्व जिला पंचायत सदस्य और वर्ष 2009 से 2022 तक जिला अध्यक्ष क्षत्रिय पवार समाज बालाघाट के रह चुके हैं।
भाजपा मेरा परिवार है। प्रत्याशी बनाए जाने की खुशी है। केन्द्रीय नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है उस पर पूरा खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
-भारती पारधी, भाजपा प्रत्याशी