23.8 C
Gondiā
Thursday, September 3, 2026
Home हिंदी खबरे दिल्ली में CPI की ‘बदलाव जरूरी है’ रैली सफल, गोंदिया से सैकड़ों...

दिल्ली में CPI की ‘बदलाव जरूरी है’ रैली सफल, गोंदिया से सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल

0
17

गोंदिया-भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) द्वारा 1 सितंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में “बदलाव जरूरी है, बदलाव जरूर होगा” के देशव्यापी नारे के साथ आयोजित महापरिवर्तन रैली सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस रैली में गोंदिया जिले से पार्टी के राज्य कार्यकारिणी सदस्य कॉमरेड हौसलाल रहांगडाले, जिला सचिव कॉमरेड मिलिंद गणवीर, कॉमरेड करुणा गणवीर, कॉमरेड कल्पना डोंगरे, जिला सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड गुणवंतराव नाइक और कॉमरेड जितेंद्र गजभिये के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

1 से 3 दिसंबर को पूरे देश में होगा ‘जेल भरो आंदोलन’ रैली का उद्घाटन भाषण CPI के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड डी. राजा ने दिया। लाखों की भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र की NDA-भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ तीखा हमला बोला। डी. राजा ने घोषणा की कि ‘बदलाव जरूरी है’ के संकल्प के साथ 1 से 3 दिसंबर के दौरान पूरे देश में कम्युनिस्ट कार्यकर्ता ‘जेल भरो आंदोलन’ चलाकर अपनी गिरफ्तारियां देंगे।

रुकावटों के बावजूद जुटी भीड़: रहांगडाले गोंदिया लौटने पर कॉमरेड हौसलाल रहांगडाले ने बताया कि केंद्र सरकार मांगों को मानने के बजाय जनविरोधी नीतियां लागू कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रैली को विफल करने के लिए कई कम्युनिस्ट नेताओं को घर पर नजरबंद किया, गाड़ियां और ट्रेनें रद्द कराईं तथा रास्तों पर लोगों को रोका, लेकिन कार्यकर्ता नहीं डरे।

वरिष्ठ नेताओं की रही उपस्थिति इस विशाल रैली का संचालन CPI के राष्ट्रीय सचिव व राज्यसभा सांसद कॉमरेड पी. संतोष कुमार ने किया। कार्यक्रम को राष्ट्रीय महासचिव डी. राजा के अलावा अमरजीत कौर, ए. एन. राजा, गिरीश शर्मा, भालचंद्र कांगो और पांडा जैसे प्रमुख राष्ट्रीय सचिवों ने भी संबोधित किया। गोंदिया से महाराष्ट्र राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं का कॉमरेड रहांगडाले ने आभार जताया।