
वृत्तसंस्था
रायपुर- सिमी (इस्लामिक स्टूडेंट मूवमेंट आफ इंडिया) के सदस्यों के साथ आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार गुफरान ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आईबी और एटीएस के अधिकारियों को उसने बताया कि 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंबिकापुर में सभा हुई थी। सिमी ने उस सभा में ब्लास्ट करने करने का प्लान बनाया था। लेकिन तकनीकी कारणों के चलते ब्लास्ट नहीं हो पाया और उनका प्लान फेल हो गया। गुफरान ने यह भी बताया कि पूरा प्लान उमेर सिद्दीकी और विदेश से आए आतंकियों ने तैयार किया था। गुफरान को 9 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था।
गुफरान ने बताया कि मोदी की सभा में हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे थे, एक ब्लास्ट में ज्यादा नुकसान हो यही सोचकर प्लान किया गया था। उसने यह भी बताया कि संगठन में शामिल होने के बाद सिमी के बाहर से आने वाले सदस्य उन्हें नेपाल लेकर गए थे। वहां नेपाल की सैर कराने के साथ-साथ उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने वाली बातें बताई जाती थीं। एएसपी राकेश भट्ट ने बताया कि गुफरान ने और भी कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं लेकिन फिलहाल उन्हें सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।
गुफरान के फुफेरे भाई अजहर भी अक्टूबर 2013 से फरार है। वह भी सिमी का संदिग्ध सदस्य है। वह मौदहापारा का रहने वाला है और एसपी ओपी पाल ने उस पर ईनाम की घोषित किया है। उसके बारे में सूचना देने वाले को 5000 रुपए का ईनाम दिया जाएगा।





