
गोरेगाव,—गोरेगांव नगर पंचायत अंतर्गत हलबीटोला (कुपालटोला) में बेटे ने पिता निर्मम हत्या कर देने की घटना ९ अगस्त को दोपहर के दौरान सामने आई है। मृतक का नाम हलबीटोला निवासी सुरेश टीकाराम भोयर (५०) बताया गया है। वहीं आरोपी बेटे का नाम शंकर सुरेश भोयर (२२) बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोरेगांव पुलिस थानांतर्गत गोरेगांव नगर पंचायत के हलबीटोला में मृतक सुरेश व उसके बेटे आरोपी शंकर में किसी कारण को लेकर विवाद हो गया। जिसके चलते आक्रोषित होकर शंकर ने अपने पिता सुरेश भोयर पर लाठी से जोरदार प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी गोरेगांव पुलिस को मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करने हेतु गोरेगांव ग्रामीण अस्पताल में ले जाया गया। समाचार लिखे जाने तक अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू थी। घटना की जांच पुलिस निरीक्षक सुरेश नारनवरे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन थोरात तथा पुलिस हवलदार प्रदीप गणवीर द्वारा की जा रही है।





