31.3 C
Gondiā
Thursday, July 16, 2026
Home हिंदी खबरे उड़ान पुल को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोढूलालजी अग्रवाल के नाम देने का...

उड़ान पुल को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोढूलालजी अग्रवाल के नाम देने का बीजेपी-राकांपा पार्षदों ने किया विरोध

0
25

उड़ान पुल को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोढूलालजी अग्रवाल का नाम दें: अग्रसेन स्मारक समिति ने नगराध्यक्ष सचिन शेंडे को सौंपा ज्ञापन

  • नगर परिषद की बैठक में बीजेपी-राकांपा पार्षदों ने बहुमत से खारिज किया था प्रस्ताव

  • विधायक विनोद अग्रवाल की मांग का उनकी ही पार्टी के पार्षदों ने किया विरोध, समाज में भारी आक्रोश

गोंदिया। स्थानीय नगर परिषद गोंदिया की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में गोंदिया के नवनिर्मित रेलवे उड़ान पुल (फ्लाईओवर) को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय लोढूलालजी अग्रवाल का नाम देने का प्रस्ताव नामंजूर किए जाने के बाद अब विवाद गरमा गया है। इस फैसले के विरोध में अग्रसेन स्मारक समिति और अग्रवाल समाज ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद अध्यक्ष सचिन शेंडे से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा और पूर्व की भांति इस उड़ान पुल को कर्मवीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोढूलालजी अग्रवाल का नाम देने की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

गत १३ जुलाई २०२६ को गोंदिया नगर परिषद की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न हुई थी। इस बैठक में कुल ११ प्रस्ताव चर्चा के लिए रखे गए थे। इनमें तीन मुख्य प्रस्ताव शामिल थे: १. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर और गोंदिया जिले में शिक्षा क्रांति लाने वाले शिक्षण महर्षि स्वर्गीय मनोहरभाई पटेल सहित अन्य महापुरुषों के पुतलों का सौंदर्यीकरण करना। २. श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियों की निशुल्क व्यवस्था करना। ३. गोंदिया के नवनिर्मित रेलवे उड़ान पुल को पूर्व की भांति स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोढूलालजी अग्रवाल का नाम देना।

सत्ताधारियों ने बहुमत के बल पर खारिज किए प्रस्ताव

आश्चर्यजनक रूप से, इन तीनों ही जनहित और सम्मान से जुड़े प्रस्तावों को बीजेपी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के पार्षदों ने बहुमत के बल पर अस्वीकार कर दिया। बैठक में नगर अध्यक्ष सचिन शेंडे और सुनील भालेराव ने प्रस्तावों का पुरजोर समर्थन किया था। वहीं, इसके विरोध में प्रदीप (पिंटू) माने, संतोष पटले, कैलाश यादव, अनुज जैसवाल, निर्मला मिश्रा, नीति विनोद राय और शिखा सोनपुरे ने मतदान कर तीनों प्रस्तावों को खारिज करवा दिया।

अपनों के ही विरोध से गहराया आश्चर्य और आक्रोश

अग्रवाल समाज और राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर सबसे ज्यादा हैरानी जताई जा रही है कि उड़ान पुल का नामकरण लोढूलालजी अग्रवाल के नाम पर करने की लिखित सिफारिश खुद बीजेपी विधायक विनोद अग्रवाल ने पत्र भेजकर की थी। इसके बावजूद, उनकी ही पार्टी के पार्षदों और सत्ता में साझीदार राकांपा के पार्षदों ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया। इस दोहरे रवैये के कारण अग्रवाल समाज में बीजेपी और राकांपा के पार्षदों की कार्यप्रणाली के खिलाफ भारी आक्रोश और असंतोष पनप रहा है।

इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने के दौरान श्री अग्रसेन स्मारक समिति के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, सचिव आशीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रितेश अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल सहित कांग्रेस के युवा नेता व पार्षद राकेश ठाकुर, पार्षद अमर रंगारी, संजू माने व समाज के अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

नगराध्यक्ष ने दिया आश्वासन: दोबारा लाएंगे प्रस्ताव

“मैं समस्त अग्रवाल समाज और शहरवासियों की जनभावनाओं का पूरा सम्मान करता हूं। आने वाले समय में नगर परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को एक बार फिर पटल पर लाया जाएगा और पूरा प्रयास किया जाएगा कि इस उड़ान पुल को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोढूलालजी अग्रवाल का ही नाम मिले।”  – सचिन शेंडे, नगर अध्यक्ष, गोंदिया