झारखंड के पूर्व मंत्री पर 13 साल की लड़की ने लगाया शारीरिक शोषण का आरोप

0
7

रांची। झारखंड के पूर्व मंत्री अौर कांग्रेसी नेता मन्नान मल्लिक पर एक नाबालिग लड़की ने शारीरिक और मानसिक शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता की उम्र तेरह साल है। वह धनबाद की रहने वाली है। लड़की और उसके माता-पिता बीते चार साल से मल्लिक के घर पर काम कर रहे थे। मामला सामने आने के बाद केंद्रीय महिला आयोग ने रांची की सिटी एसपी को चिट्ठी लिखकर पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने को कहा है। बता दें कि मन्नान हेमंत सोरेन सरकार में पशुपालन, मछली पालन और आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रह चुके हैं।महिला आयोग के सामने दिए गए बयान में पीड़िता ने कहा कि वह मन्नान मल्लिक के रांची के डोरंडा इलाके स्थित घर पर झाडू-पोछा, बर्तन धोने और खाना बनाने आदि का काम करती थी। इसके अलावा, वह मन्नान और उनकी पत्नी का पैर दबाने और मालिश का काम भी करती थी। पीड़ित लड़की के मुताबिक, मल्लिक का बेटा उसके साथ गालीगलौज और मारपीट करता था। जहां उसे रखा जाता था, वहां और भी लड़कियां रहती थीं। लड़की के मुताबिक, मल्लिक और उनका ड्राइवर सभी पर बुरी नजर रखते थे और उन्हें तंग करते थे। जहां पीड़िता सोती थी, वहां मल्लिक अक्सर आकर उससे शारीरिक अभद्रता करते थे। इससे परेशान होकर पीड़िता एक दिन वहां से भाग निकली। लड़की ने यह भी आरोप लगाया है कि मन्नान के घर काम करने वाली एक और लड़की गर्भवती हो चुकी है। जब पीड़िता घर से भागी तो उसकी मुलाकात तोरपा की रहने वाली एक महिला से हुई।