25.8 C
Gondiā
Wednesday, August 26, 2026
Home हिंदी खबरे अपनों के बीच सम्मान पाना बड़ी बात – शशि तिवारी

अपनों के बीच सम्मान पाना बड़ी बात – शशि तिवारी

0
35

साहित्य मंडल की मासिक काव्य गोष्ठी में कवियों ने गरिमापूर्ण कविताएँ सुनाई

गोंदिया। वर्षों से चली आ रही अपनी मासिक काव्य गोष्ठी की श्रंखला में अप्रैल माह की कवि गोष्ठी शहर के प्रतीकात्मक काव्य शैली के नामचीन कवि श्री सुरेश बंजारा के संयोजन में उनके निवास स्थान सरस्वती सदन कन्हारटोली में दि.२३ अप्रैल रविवार को आयोजित की गई। वरिष्ठ कवि श्री प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि एवं संचालक संगीतकार, कवि श्री रमेश शर्मा थे। आरंभ में माँ सरस्वती के छायाचित्र का पूजन अतिथि, अध्यक्ष एवं उपस्थित कवियों ने किया। पश्चात अतिथि स्वागत संयोजक श्री सुरेश बंजारा, शशि तिवारी, निखिलेशसिंह यादव, मनोज बोरकर मुसव्विर ने किया।
हाल ही में महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी मुंबई द्वारा शहर के वरिष्ठ कवि श्री शशि तिवारी को जीवन गौरव सम्मान एवं सुब्रमण्यम भारती हिन्दी साहित्य सेतु विशिष्ट सेवा पुरस्कार से मुंबई के एक समारोह में सम्मानित किये जाने पर कवि श्री किसनलाल सिंह एवं निखिलेशसिंह यादव द्वारा उनका शाल श्रीफल एवं अन्य कवि मित्रों ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर भावभीना स्वागत किया। जिस पर सभी मित्रों का हृदयतल से आभार मानते हुए श्री तिवारी ने कहा कि अपने शहर में अपनों से अपनत्व भरा सम्मान पाना किसी राजकीय सम्मान से भी बड़ा सम्मान है। यह सम्मान संपूर्ण साहित्य मंडल एवं सहयोगी मित्रों का सम्मान है।
कवि गोष्ठी का शुभारंभ प्रसिद्ध ग़ज़लकार श्री रूपचंद जुम्हारे की मां सरस्वती की वंदना से हुआ. पश्चात शहर के जाने पहचाने कवियों में सर्वश्री छगन पंचे छगन, निखिलेशसिंह यादव, मनोज बोरकर मुसव्विर, चिरंजीव बिसेन, किसनलाल सिंह, रूपचंद जुम्हारे, सुरेश बंजारा, प्रकाश मिश्रा, सुरेन्द्र जगने, शशि तिवारी एवं रमेश शर्मा ने अपनी नवीनतम रचनाओं का पाठ कर गोष्ठी को गरिमा प्रदान की। आरंभिक कार्यवाही का संचालन श्री सुरेश बंजारा ने एवं आभार प्रदर्शन सहसचिव श्री निखिलेशसिंह यादव ने किया.
इस प्रसंग पर साहित्य मंडल द्वारा शीघ्र ही एक बड़े साहित्यिक आयोजन की रूपरेखा पर विचार विमर्श भी किया गया। अल्पोहार के पश्चात गोष्ठी का समापन हुआ.