बालाघाट। बहेला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रिसेवाड़ा के टिमकीटोला के आगे भिलाई रोड मार्ग पर रविवार सुबह लगभग 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। लांजी से छत्तीसगढ़ की ओर जा रही एक कार और सामने से आ रहे बांस से भरे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बांस से लदा ट्रक सड़क पर ही पलट गया, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सौभाग्य से इस दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार क्रमांक सीजी 04 क्यूआर 8584 लांजी से छत्तीसगढ़ की ओर जा रही थी, वहीं बांस से भरा ट्रक क्रमांक सीजी 08 बी 1697 छत्तीसगढ़ की ओर से लांजी की दिशा में आ रहा था। टिमकीटोला के आगे भिलाई रोड पर दोनों वाहनों के बीच अचानक जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि कार में एक दंपत्ति और उनके दो छोटे बच्चे सवार थे। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंच गए और कार में सवार लोगों को बाहर निकालकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं सड़क पर पलटे ट्रक के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बहेला थाना से एसआई श्री नर्रे अपने पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।





