गोंदिया, 20 जुलाई। गोंदिया सहवन क्षेत्र के अंतर्गत मौजा माकड़ी में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे जंगली कुत्तों के हमले में एक काले हिरण (ब्लैकबल) की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में वन्यजीव प्रेमियों और नागरिकों में चिंता का माहौल है।जानकारी के अनुसार, माकड़ी क्षेत्र में विचरण कर रहे काले हिरण का कुत्तों के एक झुंड ने पीछा किया। हिरण ने बचने का प्रयास किया, लेकिन कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोंदिया सहवन क्षेत्र के सहायक वन अधिकारी मुकेश भांडारकर वन कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वन विभाग ने पंचनामा कर मृत हिरण के शव को पोस्टमार्टम के लिए दासगांव स्थित पशु चिकित्सालय भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।वन विभाग के अनुसार, काला हिरण अनुसूची-1 (शेड्यूल-1) के अंतर्गत संरक्षित वन्यजीव है। ऐसे में उसकी मृत्यु को गंभीर घटना माना जा रहा है। क्षेत्र में लगातार सामने आ रही वन्यजीव घटनाओं के कारण वन्य प्राणियों की सुरक्षा का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वन्यजीव दिखाई देने पर उन्हें किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचाएं तथा तत्काल वन अधिकारियों को सूचना दें। वहीं, क्षेत्र में बढ़ती जंगली कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय किए जाने की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है।पर्यावरण और वन्यजीव विशेषज्ञों ने कहा है कि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों का संरक्षण, जगंली कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण तथा वन्यजीव सुरक्षा के लिए समन्वित प्रयास समय की मांग है।





