
जयपुर। कोयला घोटाले के चलते हाल में विवादों में आए कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शनिवार को भूतपूर्व कांग्रेसी नेता पंडित नवल किशोर शर्मा की मूर्ती का अनावर करने दौसा पहुंचे।उनके साथ राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, ऑल इंडिया कांग्रेस के महासचिव जनार्दन गहलोत, सीपी जोशी, मोतीलाल वोहरा तथा मिर्जा बेग के अलावा प्रदेश कांग्रेस के कई नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
दौसा में नवल किशोर फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से कम्यूनिटी सेंटर तैयार किया गया जिसमें नवल किशोर शर्मा की प्रतिमा भी लगाई गई। इनका अनावरण मनमोहन सिंह ने किया।
बनाए रखी दूरी …
कोयला घोटाले को लेकर भाजपा और दूसरे दलों के आरोपों का सामना कर रहे मनमोहन सिंह ने कार्यक्रम में करीब 10 मिनट का भाषण दिया लेकिन अपने उपर लगे आरोपों का एक बार भी जिक्र नहीं किया। उनकी सुरक्षा में लगी एसपीजी ने मीडिया को मनमोहन के दूर ही रखा। अनावरण कार्यक्रम के बाद मनमोहन सीधे भोजन स्थल पर चले गए जहां गिने चुने लोगों को ही प्रवेश दिया गया।
गहलोत ने अपने भाषण में किया घोटाले का जिक्र
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने भाषण में परोक्ष रूप से कोयला घोटाले का जिक्र किया। उन्होंने मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि दो दिन पहले ही उन्हें लेकर जो विवाद पैदा किया गया उसका मैं जिक्र नहीं करना चाहता। कांग्रेस के लोगों ने इसका जवाब दे दिया है।
मनमोहन सिंह का काफिला सुबह करीब 9.30 बजे जयपुर से सड़क मार्ग से होते हुए दौसा के लिए रवाना हुआ। दौसा पहुंचने से पहले काफिला जीरोता रुका जहां मनमोहन सिंह ने भूतपूर्व केंद्रीय मंत्री राजेश पायलट की प्रतिमा को श्रृद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरे समय तेज बारिश हो रही थी।





