प्रावीण्यता प्राप्त विद्यार्थियों का होंगा अतिथियों के हस्ते सत्कार व स्वर्ण पदक वितरण..
गोंदिया,8 फरवरी। शिक्षामहर्षी, स्वनामधन्य श्री मनोहरभाई पटेल के 114वीं जयंती समारोह का भव्य आयोजन 9 फरवरी को लोकप्रिय सांसद प्रफुल्ल पटेल की अध्यक्षता में गोंदिया के धोटे बंधु विज्ञान महाविद्यालय के विशाल प्रांगण में किया जा रहा है। इस भव्य समारोह में भंडारा-गोंदिया जिले के शालान्त एवं स्नातकीय परीक्षाओं में प्रावीण्यता प्राप्त छात्र-छात्राओं को स्व. मनोहरभाई पटेल स्मृति स्वर्ण पदक देकर उनका गौरव व सम्मान किया जाएगा।
इस गौरवशाली 114वी जयंती समारोह में उद्घघाटक के रूप में राजस्थान के युवा उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, विशेष अतिथि के तौर पर महाराष्ट्र के युवा मंत्री आदित्य ठाकरे, भारतीय फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता सुनील शेट्टी, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष नानाभाऊ पटोले, जिले के पालकमंत्री व महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख समेत अनेक मान्यवरों की उपस्थिति रहेगी।
गौर हो कि 09 फरवरी को स्वनामधन्य शिक्षा महर्षि स्व. मनोहरभाई पटेल की जयंती निमित हर वर्ष भव्य समारोह का आयोजन किया जाता है। जिसमें देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से लेकर विविध क्षेत्रों में राजनीतिक, सामाजिक, उद्योगपति, फ़िल्मी जगत कलाकार, मीडिया, लेखक, वैज्ञानिक, डॉक्टर आदि ने इस समारोह में शिरकत कर विद्यार्थियों का मान बढ़ाया है और उनका सम्मान किया है।
इस भव्य जयंती समारोह को यादगार बनाने हेतु स्व. मनोहरभाई पटेल स्मृति समिति, श्री गुजराती राष्ट्रीय केलवणी मण्डल, मनोहरभाई पटेल एकेडमी, गोंदिया शिक्षण संस्था की ओर से भव्य तैयारियां की जा रही है। इस समारोह में दोनों जिलों के नागरिकों के उपस्थिति की अपील समिति के अध्यक्ष पूर्व विधायक हरीहरभाई पटेल, मनोहरभाई एकेडमी की अध्यक्षा व गोंदिया शिक्षण संस्था की अध्यक्ष श्रीमती वर्षाबेन पटेल, गोंदिया शिक्षण संस्था के सचिव व पूर्व विधायक राजेंद्र जैन ने की है।





