
गोंदिया: धोखाधड़ी के मामले में पुरूष ही नहीं महिलाएं भी पीछे नहीं हैं. हाल ही में एक महिला ने करीब 12 लाख की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप एक महिला द्वारा पत्रकार परिषद में किया गया था. अब फिर से इसी प्रकार का मामला सामने आया है. महिला ठग ने एक-दो नहीं बल्कि 14 महिलाओं के साथ धोखाधड़ी कर लाखों रूपए ऐंठ लिए. रूपए नहीं लौटाए जाने पर 6 वर्ष बाद मामला पुलिस थाने पहुंच गया है.
गोंदिया के कटंगी निवासी 45 वर्षीय महिला द्वारा रामनगर पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत अनुसार, जनवरी 2016 में वह अपने घर पर थी. उस दौरान एक पहचान की महिला ने आरोपी महिला से ये कहकर मिलाया था कि वह आईसीआईसीआई बैंक से लोन दिलाती है.
महिला को घर निर्माण के लिए जब रूपयों की जरूरत महसूस हुई तब उसने बैंक से लोन के लिए आरोपी महिला से संपर्क किया था. आरोपी महिला ठग ने लोन दिलाने के नाम पर उससे किश्तों में 20 हजार रूपए ले लिए लेकिन लोन नहीं दिलाया. आरोपी ने महिला के 20 हजार रूपए भी नहीं लौटाए. इतना ही नहीं, उक्त आरोपी महिला ने गांव की करीब 14 महिलाओं को भी घर निर्माण के लिए लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे करीब 2.27 लाख रूपए ऐंठ लिए. यह पूरा घटनाक्रम 15 मई 2016 से 30 दिसंबर 2016 के बीच का है.
महिला की शिकायत पर रामनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादंवि की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है. प्रकरण की जांच पुलिस हेड कांस्टेबल बनकर कर रहे हैं.





