
बालाघाट। वारासिवनी के फव्वारा चौक पर सब्जी की दुकान लगाने वाली विद्या ठाकरे को सम्मोहित कर जेवर और मोबाइल लेकर फरार होने की घटना का वारासिवनी पुलिस ने 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय ईरानी गैंग के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों की धरपकड़ के लिए वारासिवनी थाना प्रभारी उनि पवन यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस की टीम ने बालाघाट से नागपुर सहित अन्य क्षेत्रों में 150 सीसीटीवी कैमरे खंगाले, 200 किमी तक आरोपितों का पीछा किया।आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक कार सहित करीब 4.10 लाख रुपये मशरूका की जब्ती की है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों में एक महिला व एक पुरुष है, जो नागपुर, महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।इनमें नादीर पिता तालीब जैदी (55) और जैनब पति नादीर जैदी (43) दोनों निवासी ग्राम पंचायत के पास कामठी, वर्तमान पता हुडको कालोनी जरीपटका, नागपुर शामिल हैं।
आरोपितों ने नेहरू चौक के पास विद्या ठाकरे से पहले आंखों के डॉक्टर का पता पूछा और बातचीत शुरू की। पास खड़ी महिला को भी शामिल कर विश्वास का माहौल बनाया। बाद में परेशानियां दूर करने के नाम पर नकदी, मंगलसूत्र, कान के टॉप्स एवं मोबाइल थैले में रखवाकर फरियादी को कुछ कदम दूर भेज दिया तथा मौका पाकर सामान लेकर कार से फरार हो गए।





