गोरेगांव । तहसील के चिल्हाटी ग्राम में ऐसा एक मामला सामने आया कि २२ वर्षिय युवक गत सप्ताह से घर से लापता था, जो ५ दिनों के बाद चिल्हाटी जंगल परिसर में मृत अवस्था में पाया गया। घटना २७ जून को शाम के दौरान चिल्हाटी के जंगल में सामने आई। घटना को देखते हुए चर्चा चल रही है कि युवक की हत्या, आत्महत्या या हादसे में मृत्यु हुई है। मृतक का नाम चिल्हाटी निवासी नरेंद्र रतिराम मोहनकर (२२) बताया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। गोरेगांव पुलिस थाने में मृतक के भाई ओमप्रकाश रतिराम मोहनकर (३५) की शिकायत पर धारा १७४ के तहत मर्ग दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इस संदर्भ में पुलिस द्वारा जानकारी दी गई कि मृतक नरेंद्र मोहनकर के भाई ओमप्रकाश मोहनकर ने गोरेगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई कि मृतक नरेंद्र (२३) जून से लापता हो गया था और उसका शव २७ जून को शाम ४.३० बजे के दौरान चिल्हाटी जंगल में मिला। लेकिन चर्चा चल रही है कि मृतक की मौत किस वजह से हुई। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। इस मामले की जांच पुलिस निरीक्षक सुरेश नारनवरे के मार्गदर्शन में पुलिस हवलदार तिलगाम द्वारा शुरू कर दी गई है।





