25.8 C
Gondiā
Monday, July 27, 2026
Home हिंदी खबरे मोबाइल चोरी के मामलों में शामिल तीन हिस्ट्रीशीटर अपराधी गिरफ्तार

मोबाइल चोरी के मामलों में शामिल तीन हिस्ट्रीशीटर अपराधी गिरफ्तार

0
46

नागपुर,21 जनवरी 2026-रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं उनके सामान की चोरी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता प्राप्त की गई है। मंडल टास्क टीम ने स्थानीय पुलिस थाना एवं शासकीय रेल पुलिस थाना गोंदिया में दर्ज मोबाइल चोरी के मामलों में संलिप्त तीन आदतन (हिस्ट्रीशीटर) अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई श्री दीप चंद्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेसुब/दपूमरे/नागपुर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में की गई। उनके निर्देशानुसार मंडल स्तर पर गठित विशेष टास्क टीम द्वारा लगातार निगरानी, गश्त तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
दिनांक 20.01.2026 को गाड़ी संख्या 12105 विदर्भ एक्सप्रेस से दादर से गोंदिया तक यात्रा कर आए एक यात्री द्वारा अपने जेब में रखे आईफोन मोबाइल (कीमत लगभग 68,000 रुपये) की चोरी की सूचना दी गई, जिस पर शासकीय रेल पुलिस गोंदिया द्वारा अपराध क्रमांक 04/2026 धारा 303(2) भा.न.स. के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
मामले की जांच के दौरान रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल की टास्क टीम द्वारा गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर एवं मुख्य प्रवेश द्वार पर गुप्त निगरानी रखते हुए सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 05 से तीन संदिग्धों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान मनीष कुमार (22 वर्ष), अरियन नोनिया (19 वर्ष) एवं देवराज चौधरी (18 वर्ष) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी देवराज चौधरी के पास से तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें एक आईफोन एवं दो वीवो कंपनी के मोबाइल शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने गाड़ी संख्या 12105 विदर्भ एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान गोंदिया स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 05 पर भीड़ का फायदा उठाकर आईफोन की चोरी की थी, जबकि दो अन्य वीवो मोबाइल गोंदिया बस स्टैंड एवं गोंदिया शहर के बाजार क्षेत्र से चोरी किए गए थे। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 1,10,000 रुपये है।
जांच में यह भी पाया गया कि पकड़े गए तीनों आरोपी आदतन चोर (हिस्ट्रीशीटर) हैं तथा इनके विरुद्ध पूर्व में स्थानीय पुलिस, शासकीय रेल पुलिस गोंदिया एवं जीआरपी नागपुर में मोबाइल चोरी से संबंधित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों को बरामद चोरी की संपत्ति सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई हेतु शासकीय रेल पुलिस गोंदिया के सुपुर्द किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता हेतु सदैव तत्पर है तथा यात्रियों से अपील करता है कि वे अपने सामान को सुरक्षित रखें और रेल परिसर या गाड़ियों में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, शासकीय रेल पुलिस, ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारियों या रेल मदद टोल फ्री नंबर 139 पर दें, ताकि असामाजिक तत्वों के विरुद्ध समय पर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

blank