गोंदिया. डुग्गीपार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घोटी (डव्वा) में छापा मारकर कथित अवैध गोमांस बिक्री के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की. पुलिस ने मौके से करीब 40 किलो मांस, तराजू सहित अन्य सामग्री सहित कुल 6 हजार 900 रु. का माल जब्त किया है. मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ डुग्गीपार थाने में मामला दर्ज किया गया है.
जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त की सुबह सूचना मिली थी कि घोटी (डव्वा) निवासी प्रकाश तुलशीराम सोनवाने अपने घर से कथित तौर पर गोमांस की बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसके घर पर छापा मारा. पुलिस के अनुसार, छापे के दौरान घर के समीप स्थित एक कमरे में कथित रूप से मांस की बिक्री किए जाने की बात सामने आई. पुलिस ने मौके से करीब 40 किलो कटा हुआ मांस जब्त किया. पुलिस के अनुसार, मांस की कीमत 150 रु. प्रति किलो के हिसाब से 6 हजार रु. तथा तराजू और अन्य सामग्री की कीमत 900 रु. बताई गई है. इस मामले में प्रकाश तुलशीराम सोनवाने के खिलाफ डुग्गीपार थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक कमलेश सोनटक्के के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक जावेद शेख, राकेश राऊत, मुले, देशमुख व निखिल मेश्राम ने की.





