ई दिल्ली. राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) का कहना है कि बीजेपी के कार्यकर्ता केंद्र में मोदी सरकार से नाराज हैं। मोदी सरकार के कामकाज पर भाजपा कार्यकर्ता की निराशा भारी पड़ रही है। इस निराशा को दूर करने के लिए संघ स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करेगा। दिल्ली में सोमवार को भाजपा और संघ की समन्वय बैठक हुई। समझा जा रहा है इसी बैठक में संघ की ओर से यह संदेश दिया गया है। साथ ही इसी साल बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए संघ ने बीजेपी को नीतीश कुमार से दोस्ती की सलाह दी है। लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी-जदयू के बीच गठबंधन खत्म हो गया था। हालांकि संघ की ओर से केवल इस संबंध में सलाह मात्र दी गई है और नीतीश की पार्टी के साथ गठबंधन करना है या नहीं इसका पूरा फैसला बीजेपी पर ही छोड़ दिया है।
कार्यकर्ताओं की शिकायत, मंत्रियों तक पहुंचना हो गया है मुश्किल
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के निवास पर संघ और भाजपा की समन्वय बैठक हुई। इसमें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, महासचिव संगठन रामलाल, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अरुण जेटली और स्वयं गडकरी मौजूद थे। संघ की तरफ से भैय्याजी जोशी, कृष्ण गोपाल, सुरेश सोनी आदि उपस्थित थे। भाजपा के कार्यकर्ता हर राज्य से शिकायत कर रहे हैं कि उन्हें लगता ही नहीं कि उनकी सरकार केंद्र में है। यह शिकायत आम है कि मंत्रियों तक पहुंच कठिन हो गई है। पार्टी में भी कमोबेश यही स्थिति है। सूत्रों का कहना है कि संघ ने इस शिकायत के निवारण के लिए एक अलग टीम बनाने का आग्रह भाजपा से किया है। इस टीम ने क्या किया, इसकी मॉनिटरिंग संघ खुद करेगा।