तिरोड़ा —साहित्य जगत के लिए गर्व का क्षण है कि साहित्य कौशल्य भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पद्मराव बासमूता जी ने महाराष्ट्र राज्य के गोंदिया जिले के तिरोड़ा के सुप्रसिद्ध साहित्यकार, ग़ज़लकार एवं कवि एडवोकेट देवेंद्र घनश्यामजी चौधरी को संगठन का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है।
एड. चौधरी की यह नियुक्ति उनके निरंतर साहित्य साधना, बहुमुखी प्रतिभा, गहन अध्ययन तथा साहित्यिक योगदान को ध्यान में रखते हुए की गई है। वे वर्षों से विभिन्न भाषाओं में अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज और साहित्य जगत को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
एड. देवेंद्र चौधरी हिंदी, पोवारी बोली, मराठी, अंग्रेजी तथा उड़िया भाषाओं में समान रूप से सशक्त लेखन करते हैं। उनकी ग़ज़लें, कविताएँ और साहित्यिक लेखन न केवल स्थानीय पाठकों में लोकप्रिय हैं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्हें सराहा गया है। उन्हें अब तक अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों और सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है।
तिरोड़ा जैसे छोटे नगर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना अपने आप में गर्व की बात है। एड. चौधरी ने अपनी साहित्यिक साधना से यह सिद्ध किया है कि समर्पण और प्रतिभा के बल पर किसी भी मंच पर सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्थानीय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक उनके हजारों शुभचिंतकों, पाठकों और साहित्यिक संस्थाओं ने उन्हें बधाइयाँ दी हैं। सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर भी लगातार बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
एड. देवेंद्र चौधरी की नियुक्ति से न केवल तिरोड़ा बल्कि सम्पूर्ण गोंदिया जिले का नाम भी साहित्य की दुनिया में और अधिक रोशन हुआ है। साहित्यप्रेमियों का मानना है कि उनके नेतृत्व में साहित्य कौशल्य भारती नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा और युवा रचनाकारों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।





