26.6 C
Gondiā
Friday, July 24, 2026
Home हिंदी खबरे जगदंबा जूट इंडस्ट्री के गोदाम में लगी आग; 25 दमकलों की मदद...

जगदंबा जूट इंडस्ट्री के गोदाम में लगी आग; 25 दमकलों की मदद से आग पर पाया गया काबू

0
36

गोंदिया- शहर से सटे फुलचूर क्षेत्र में स्थित जगदंबा जूट इंडस्ट्री के बारदाना गोदाम में 29 मई की रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य का पुराना बारदाना जलकर राख हो गया। आग पर नियंत्रण पाने के लिए दमकल विभाग की 25 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में इन दिनों रबी सीजन के धान खरीदी कार्य के चलते पुराने बारदानों की मांग बढ़ी हुई है। इसी को देखते हुए जगदंबा जूट इंडस्ट्री के संचालक आशिष अग्रवाल ने अपने गोदाम में लगभग आठ लाख बारदानों का भंडारण किया था। 29 मई की देर रात अचानक गोदाम में आग लग गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। बारदाना अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही गोंदिया सहित आसपास के क्षेत्रों से दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।आग की तीव्रता को देखते हुए एक के बाद एक कुल 25 दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार प्रयास कर आग पर नियंत्रण प्राप्त किया। इस दौरान गोदाम में रखा अधिकांश बारदाना आग की भेंट चढ़ गया।

इस भीषण आग में गोदाम और उसमें रखा लाखों का बारदाना पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन द्वारा विस्तृत पंचनामा और मूल्यांकन के बाद वास्तविक नुकसान का आंकड़ा सामने आएगा।फिलहाल संबंधित विभागों द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

blank