24.8 C
Gondiā
Thursday, July 2, 2026
Home हिंदी खबरे विद्यार्थी के भविष्य के साथ किया जा रहा खिलवाड़

विद्यार्थी के भविष्य के साथ किया जा रहा खिलवाड़

0
21

– कांग्रेस ने पत्र परिषद में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की
गोंदिया-गोंदिया जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शासकीय विश्रामगृह में 1 जुलाई को आयोजित पत्र परिषद में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमर वराडे एवं अन्य पदाधिकारियों ने नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही इस्तीफा नहीं दिए जाने पर देश के साथ ही जिले में भी आंदोलन तीव्र करने की चेतावनी दी। पत्र परिषद में नीट परीक्षा देने वाले कुछ विद्यार्थी भी उपस्थित थे।
पत्र परिषद में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमर वराडे ने कहा कि नीट एवं जेईई जैसी परीक्षाओं के पेपर लिक होने के कारण देशभर में लाखों विद्यार्थियों एवं उनके पालकों को मानसिक एवं आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा है। इससे अनेक विद्यार्थियों का मनोबल गिरा, जिसके चलते सुनहरे भविष्य का सपना देख रहे कुछ विद्यार्थियों ने आत्महत्या भी कर ली है। इसके लिए सीधे तौर पर केंद्र सरकार जिम्मेदार है। पेपर लीक प्रकरण की जिम्मेदारी स्विकार करते हुए केंद्रिय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए था। लेकिन उन्होने आज अब तक ऐसा नहीं किया है और न ही मन की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस विषय पर कुछ बोल रहे है। दोबारा ली गई परीक्षा में पेपरों को परीक्षा केंद्रों तक वायुसेना के हेलिकाप्टरों से भेजा गया एवं सख्ती के साथ परीक्षा लेने के दावे किए गए। यदि यह सख्ती पहले ही बरत ली गई होती तो देश के लाखों विद्यार्थियों को बेवजह परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होने कहा कि नीट परीक्षा के पेपर लीक करने वाले और कोई नहीं बल्कि पेपर सेट करने वाले ही लोग है। ऐसे में सरकार को इन पर भी इतनी कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ती न हो सके। देश की जनता में लगातार इस विषय को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो सारे देश में आंदोलन और तीव्र हो सकता है। नीट के पेपर लीक का मामला अभी पुरी तरह खत्म भी नहीं हुआ कि राज्य में होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के पेपर भी लीक हो जाने के कारण परीक्षा ही स्थगित कर देनी पड़ी है। यह कोई सामान्य अपराध नहीं बल्कि विद्यार्थियों एवं परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ है। जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों पर हुए अन्याय के खिलाफ लगातार सशक्त विकास की भूमिका निभाते हुए न्याय के लिए खड़ी रहेगी। पत्र परिषद में कांग्रेस नेता विनोद जैन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव पी.जी. कटरे, जिला एनएसयुआई के अध्यक्ष अमन तिगाला, तहसील कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रमेश अंबुले, मनिष मेश्राम, जहीर अहमद, डेमेंद्र रहांगडाले, जीवन शरणागत, जितेंद्र कटरे, चमन बिसेन, महेंद्र कठाने, रंजीत गणवीर, निकेश मिश्रा, झामसिंग बघेले, मुन्ना अवस्थी, देवकांत बहेकार, जगदीश चुटे एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।