मुंबई,28 अप्रेल. महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री अनिल परब ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने लॉकडाउन की वजह से राजस्थान के कोटा में फंसे लगभग 2,000 छात्रों को वापस लाने के लिए वहां 100 बसों को भेजने का फैसला किया है. परब ने सोमवार देर रात कहा कि (MSRTC) की बसों को अगले दो दिनों में कोटा भेजा जाएगा. विभिन्न प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए महाराष्ट्र के छात्र कोटा में रह कर पढ़ाई कर रहे हैं. महाराष्ट्र सरकार ने कोटा गए छात्रों को वापस लाने का फैसला किया है. हम इसके लिए धुले जिले से करीब 100 बसें कोटा भेजेंगे.
छात्रों को 14 दिन रखा जाएगा आइसोलेशन में
छात्रों को पहले मध्य प्रदेश की सीमा से सटे महाराष्ट्र के धुले जिले में लाया जाएगा और फिर राज्य परिवहन की बसों द्वारा उन्हें उनके मूल स्थानों पर भेजा जाएगा. एमएसआरटीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस प्रक्रिया के लिए राजस्थान और मध्य प्रदेश की सरकारों के साथ आधिकारिक बातचीत पहले ही हो चुकी है, क्योंकि बसें इन दोनों राज्यों से होकर गुजरेंगी. महाराष्ट्र आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वापसी पर, छात्रों और उनके माता-पिता को चिकित्सा जांच से गुजरना होगा, फिर उन्हें 14 दिन के आइसोलेशन में भेजा जाएगा.
बढ़ाया जा सकता है लॉकडाउन
महाराष्ट्र सरकार ने इस संकेत के बाद छात्रों को वापस लाने का फैसला किया कि कुछ प्रमुख शहरों में लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है जहां कोरोना वायरस महामारी की स्थिति अभी नियंत्रित नहीं हो पायी है. गृहमंत्री अनिल देशमुख ने सोमवार को कहा था कि राज्य में रेड जोन के रूप में चिह्नित सबसे अधिक संक्रमित स्थानों पर लॉकडाउन को 3 मई से आगे बढ़ाया जा सकता है. हालांकि, उन्होंने कहा कि इस पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे करेंगे.
24 घंटे में कोरोना के 522 नए केस
महाराष्ट्र में 24 घंटे में कोरोना वायरस के 522 नए केस सामने आए हैं जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 8590 तक पहुंच गई है. वहीं राज्य में एक दिन में 27 लोगों की मौत हो गई. राज्य में कोरोना वायरस से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 369 पहुंच गया है. सिर्फ मुंबई में ही 5776 केस सामने आए हैं जबकि 219 लोगों की मौत हुई है. 24 घंटे में जान गंवाने वाले 27 लोगों में से 15 मुंबई के लोग हैं. महाराष्ट्र में अब तक 1.21 लाख टेस्ट हुए हैं जबकि 1.45 लाख लोग होम क्वारंटाइन हैं.





