नरसिंहपुर,10 मई – मध्यप्रदेश राज्य के मुंगवानी थाना अंतर्गत ग्राम पाठा के समीप आम से भरा ट्रक पलट गया इसमें अवैध रूप से बैठा कर ले जा रहे 20 मजदूर में से 5 मजदूरों की मौत आम की पेटियों के नीचे दबकर हो गई ।शेष 13 घायलों में से दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें जबलपुर मेडिकल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया ।बाकी 13 मजदूरों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है यह सभी मजदूर हैदराबाद से चोरी-छिपे अपने घर झांसी एटा जा रहे थे।
हैरत की बात यह है कि तेलंगाना आंध्र प्रदेश महाराष्ट्र राज्यों के अलावा सिवनी जिले के तीन-तीन चेकपोस्ट से ट्रक गुजरता गया न ही सवार मजदूरों की किसी ने सुध ली न पड़ताल की गई । प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक आर जे 11 जी बी 0469 बीती रात हैदराबाद से आम की खेप लेकर एटा उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर मुगवानी थाना अंतर्गत पाठा गांव के पास ट्रक अनियंत्रित होकर हेल्पर साइट पलट गया ।घटना शनिवार रात करीब 10:15 बजे की है इसकी जानकारी लगते ही कलेक्टर दीपक सक्सेना एवं एसपी डॉ गुरु कारण सिह,अपर कलेक्टर मनोज कुमार ठाकुर, अतिरिक्त अधीक्षक राजेश तिवारी एवं अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने ट्रक के नीचे दबे मजदूरों को निकालना शुरू किया ।इस दौरान 5 शव बरामद किए गए जबकि 15 जखमी को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया यह राहत बचाव कार्य रविवार तड़के 3:15 बजे तक चलता रहा।





