
गोंदिया/बालाघाट,16 मई. जिले मे शुक्रवार को हट्टा थाना क्षेत्र के गोदरी चौकी के अंतर्गत ठाकुरटोला व भानपुर के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में जिसमे एक आरक्षक घायल हो गया। आरक्षक के मुंह व गर्दन के पास से गोली छूकर निकल गई। हालांकि, इस घटना मे आरक्षक को ज्यादा चोटें नहीं आई है। इधर, घटना के बाद आरक्षक को तत्काल गोंदिया के सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया। फिलहाल आरक्षक की हालत स्थिर व ठीक है। वहीं घायल आरक्षक से मिलने के लिए आईजी केपी व्यंक्टेश्वर राव अस्पताल पहुंचे थे।जानकारी के अनुसार हट्टा थाना क्षेत्र के गोदरी चौकी गोदरी से शुक्रवार की सुबह 20 लोगों की सर्चिंग पार्टी जंगल रवाना हुई थी। सर्चिंग के दौरान भानपुर-ठाकुरटोला के जंगल में नक्सलियों ने घात लगाकर पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। जिसमें प्रधान आरक्षक लोकेन्द्र सिंह को गोली लगी। इस दौरान पुलिस ने भी नक्सलियों पर फायर किया। लेकिन घने जंगल का फायदा उठाकर नक्सली भागने में सफल हुए। मौके से किसी भी प्रकार की कोई नक्सल सामग्री जब्त नहीं की गई है।
नक्सलियों के हलचल की मिल रही थी सूचनाएं
एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि गोदरी क्षेत्र के जंगल में नक्सलियों के हलचल और अवैध वसूली की सूचनाएं बीते कुछ दिनों से लगातार मिल रही थी। जिसके चलते तीन अलग-अलग पुलिस पार्टी सर्चिंग के लिए निकली थी। गोदरी चौकी क्षेत्र से निकली सर्चिंग पार्टी पर नक्सलियों ने अचानक हमला कर दिया। जिसमें एक आरक्षक को गोली गई। घायल आरक्षक को जंगल से मुख्य मार्ग तक लाने में करीब दो घंटे लग गए। इसके बाद उसे एंबुलेंस की सहायता से सीधे गोंदिया के अस्पताल ले जाया गया।
मलाजखंड दलम है सक्रिय
एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि गोदरी क्षेत्र में मलाजखंड दलम के १२ से १५ सदस्यों के सक्रिय होने की जानकारी मिली रही थी। लेकिन शुक्रवार को जब पुलिस से मुठभेड़ हुई तो उस समय तीन-चार नक्सलियों के होने की संभावना मानी जा रही है। हालांकि, मौके से किसी भी प्रकार की कोई नक्सल सामग्री नहीं मिली है। इधर, घटना के बाद हॉकफोर्स, सीआरपीएफ जंगलों में सर्चिंग कर रही है। आगामी तीन-चार दिनों तक काम्बो ऑपरेशन चलाया जाएगा। ताकि नक्सली अपने मंसूबों पर कामयाब न होने पाए





