गोंदिया : “ग्रामीण छात्रों को केवल उचित मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है, उनके पास अपार प्रतिभा है,” यह विचार व्यक्त करते हुए गजेंद्र फुंडे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। यदि उन्हें सही दिशा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, तो वे बड़ी से बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।
इसी सोच को साकार करते हुए सुकन्या संकल्प निकेतन माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालय ने महाराष्ट्र शासन छात्रवृत्ति परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है। विद्यालय के कुल 81 विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता प्राप्त कर संस्था तथा ग्रामीण क्षेत्र का नाम रोशन किया है।इस उपलब्धि में काटी, कासा, बघोली, बिरसोला, गर्रा, उमरी, भाद्याटोला और बाजारटोला जैसे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सफल विद्यार्थियों में 53 छात्राएं शामिल हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा के बढ़ते प्रभाव और जागरूकता को दर्शाता है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार संस्था लगातार शैक्षणिक प्रगति की ओर बढ़ रही है। पिछले वर्ष कक्षा 5वीं के 6 विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति प्राप्त की थी, जबकि शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा 8वीं के 18 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की थी। इस वर्ष 81 विद्यार्थियों की सफलता ने संस्था की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ दिया है।
इस सफलता का श्रेय विद्यालय के समर्पित शिक्षकों को दिया गया। विद्यार्थियों को एम. जी. कावले, जी. बी. पडोले, एस. डी. बारेवार, वी. के. दीघोरे मैडम, एस. एच. मेश्राम, एस. डब्ल्यू. राउत, एन. पी. कटरे, एस. जी. मानकर तथा ए. आर. खड़सन का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।संस्था के निर्देशक जी. एन. फुंडे, प्राचार्य डी. एस. बहेकार, कु. एम. डी. वाढई मैडम, ए. एम. सेलुकर, बी. सी. बोपचे, एम. पी. रहांगडाले, एम. एन. असाटी सहित समस्त शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों ने सफल विद्यार्थियों तथा उनके पालकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।





