पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष पंकज रहांगडाले के जन्मदिन पर आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ अभिभी निरंतर
गोंदिया, 28 जुलाई। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष पंकज रहांगडाले के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित निःशुल्क रोग निदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान जिन मरीजों में गंभीर बीमारियों की पहचान हुई थी, उन्हें आज आगे के उपचार एवं शल्य चिकित्सा (सर्जरी) के लिए पंकज रहांगडाले के जनसंपर्क कार्यालय, तुमखेड़ा (बुज.) से विशेष बस द्वारा नागपुर रवाना किया गया।
इस अवसर पर कुल 40 लाभार्थियों को उपचार के लिए भेजा गया। इनमें मोतियाबिंद ऑपरेशन के मरीजों के साथ-साथ अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीज भी शामिल हैं, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार किया जाएगा।
मरीजों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए विशेष बस की व्यवस्था की गई थी। रवाना होने से पूर्व श्री पंकज रहांगडाले ने सभी मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व आमदार खोमेश्वर रहांगडाले, सरपंच श्रीमती रंजू येळे तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे। सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने मरीजों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
उपचार के लिए रवाना हुए मरीजों एवं उनके परिजनों ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए श्री पंकज रहांगडाले का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर किसी वरदान से कम नहीं हैं। समय पर जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा मिलने से उन्हें नया जीवन और नई उम्मीद मिली है।
उल्लेखनीय है कि श्री पंकज रहांगडाले लंबे समय से सामाजिक सरोकार एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। विशेष रूप से स्वास्थ्य के क्षेत्र में जरूरतमंद नागरिकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहते हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से अनेक लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार का लाभ मिला है, जिसकी क्षेत्रभर में व्यापक सराहना हो रही है।





