
कांग्रेस की अनुसूचित जाति सेल के शहर अध्यक्ष संजय जांभूळकर ने प्रभाग 2 की रचना पर जताई आपत्ति
चित्रा कापसे/तिरोडा- तिरोडा नगर परिषद के आगामी होने वाले सार्वत्रिक चुनावों के मद्देनज़र सुधारीत प्रभाग रचना कार्यक्रम 18 अगस्त 2025 को घोषित किया गया।इस प्रारूप प्रभाग रचना को प्रसिद्धि बोर्ड पर प्रकाशित कर नागरिकों के सुझाव और आपत्तियां 31 अगस्त 2025 तक आमंत्रित की गई हैं। नगर परिषद द्वारा प्रसिद्ध प्रभाग 2 की प्रभाग रचना पर कांग्रेस की अनुसूचित आघाड़ी के शहर अध्यक्ष संजय जांभूळकर के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने आवेदन देकर आपत्ति दर्ज कराई है।
नागरिकों का कहना है कि तिरोड़ा शहर के कब्रस्थान के पास का परिसर और सी.जे. पटेल कॉलेज के सामने की झोपड़पट्टी इन दोनों क्षेत्र की नगर प्रशासन से जुड़ी विभिन्न समस्याएं जैसे सड़क, नाली, पानी, बिजली, शौचालय और घरकुल
योजना की सुविधाओं की प्रलंबित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इन्हें एक साथ प्रभाग 2 में रखना आवश्यक है। जबकि नई रचना में कब्रस्तान का परिसर प्रभाग 2 से हटाकर अन्य प्रभाग में और निमटोली का परिसर प्रभाग 1 में जोड़ दिया गया है। स्थानिय नागरिकों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्रों की भौगोलिक रचना और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रभाग रचना की पिछड़े क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान सुचारु रूप से हो सकेगा। प्रस्तुत निवेदन के अनुसार प्रभाग 2 हमेशा से अनुसूचित जाति वर्ग का प्रतिनिधित्व करते आया है। यहां सामान्य वर्ग की तुलना में अनुसूचित जाति के अधिक संख्या में नागरिक होने के बावजूद भी गलत तरीके से वार्ड संरचना कर अनुसूचित जाति के मतदाताओं की संख्या कम की गई है। और जनरल वर्ग को प्राथमिकता दी गई है। नागरिकों का कहना है कि इस प्रकार की संरचना न्यायसंगत नहीं है। साथ ही यह भी कहा गया है कि अनुसूचित जाति की निमटोली और तक्षशिला बौद्ध विहार के आसपास के क्षेत्रों को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वार्डों की नई संरचना में पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए। ताकि आनेवाले नगर परिषद चुनाव निष्पक्ष रूप से हो सके।





