
गोरेगाव,दि.6 सितंबरः-कुरहाड़ी-पाथरी मार्ग पर इतने जानलेवा गड्ढे निर्माण हो गए है कि इस मार्ग से गुजरने वालों को कदम-कदम पर मौत का डर बना रहता है। कुरहाड़ी ग्रामवासियों ने जिप निर्माण कार्य विभाग को चेतावनी दी कि यदि चार दिनों में गड्ढे बुझाए नहीं गए तो वे स्वयं के खर्चे से गड्ढे बुझाने का अभियान शुरू कर देंगे। इन गड्ढों से प्रतिदिन दुर्घटनाएं घटित हो रही है। डेढ़ माह पूर्व गड्ढे ने एक की जान भी ले ली है। फिर भी संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि इस ओर अनदेखी कर रहे है।
कुरहाड़ी जिला परिषद क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों की कोई कमी नहीं है। जिला परिषद सदस्य ललिताताई चौरागड़े, पंस सदस्य सुरेंद्र बिसेन, केवलराम बघेले सहित तिरोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय रहांगडाले इस क्षेत्र से नेतृत्व करते है। कुरहाड़ी ग्राम तहसील का मुख्य ग्राम होने से इसी मार्ग से जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी इस क्षेत्र का दौरा करते है। इस मार्ग पर कदम-कदम पर जानलेवा गहरे गड्ढे है। गड्ढों से बचने के चक्कर में दुपहिया वाहन व चौपहिया वाहन चालकों का नियंत्रण छुट जाता है। इस मार्ग पर गड्ढों ने अनेकों को विकलांग कर एक की जान ले ली है। कई बार मांग की गई कि गड्ढों को बुझाकर सड़क को सुचारू रूप से संचालित करें, किंतु इस ओर अनदेखी की जा रही है। आखिर ग्राम के समाजसेवी आनंद वैद्य, ऋषिकेश पडोले, प्रदीप वैद्य, मुकेश साखरे, संजय वैद्य, रिना पाचे, हंसराज तिघारे, लिखेंद्र हुकरे, आदेश हुकरे, नितेश वाघाडे, गणेश लांजेवार, गुरूदयाल कटरे आदि ने चेतावनी दी है कि यदि चार दिनों के भीतर गड्ढे बुझाए नहीं गए तो स्वयं के खर्चे से सड़क के गड्ढे बुझाने का अभियान शुरू किया जाएगा।
–





