37.9 C
Gondiā
Friday, June 5, 2026
Home हिंदी खबरे जुलूसे मोहम्मदी में उमड़ा अंजुमनों का जनसैलाब 

जुलूसे मोहम्मदी में उमड़ा अंजुमनों का जनसैलाब 

0
56

blank

-मरहबा या मुस्तफा, नारे-ए-तकबीर से गूंजा गोंदिया शहर

-आजाद लाइब्रेरी की ओर से मरीजो व जरूरतमन्दों को फल वितरण
गोंदिया।  इस्लाम को नेक राह और अमन-शांति के संदेश के साथ खुदा से महोब्बत करने का रास्ता दिखाने वाले और उसे पूरी दुनिया में आगे बढ़ाने वाले अव्वल व आखरी नबी पैगम्बर हजरत मोहम्मद (स.अ.) के जन्मदिवस के मौके पर गोंदिया में जश्ने ईद मिलादुन्नबी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर शहर में बैंड-बाजे और झांकियों के साथ जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी तादाद में अकीदतमंद शामिल हुए।
शाही जुलूस की शुरुआत ईदगाह मैदान में मरकज़ी सीरतुन्नबी कमेटी की जानिब में शाही जुलूस के सदर इरफान शेख की सदारत में एवं तमाम मस्जिदों के इमाम, मुफ़्ती, सदर सहित मुफ़्ती मुख्तार आलम नूरी, जनाब अखलाकु रहमान, जनाब अताउर्रहमान, हाजी सत्तार मौलाना, मुफ़्ती मुनाजिर हुसैन कादरी, मौलाना कासिम रजा, हाजी असफाक, असलम शेख, सरफराज खान, आसु नसीम, अफसर खान, रेहान खान, जहाँगीर सिद्दीकी व अन्य कमेटियों के मेम्बरानो की मौजूदगी में परचम कुसाई व सलातो सलाम पेश कर की गई।
बैंड-बाजों, बग्गी,गाड़ी और वाहनों पर सजी आकर्षक झांकियों और बुजुर्गों, युवाओं-बच्चों के साथ जुलूस में मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग पारम्परिक लिबास में शामिल हुए। जुलूस में मदरसे के बच्चे एक जैसे परिधान में  नातो पर खुशियां मनाते हुए अनुशासित चल रहे थे, तो बड़ी संख्या में इस्लामिक परचम लहराते हुए लोग सरकार की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा जैसे नारे लगाते हुए बढ़ते रहे। इस बीच, युवा वर्ग अपने नबी की विलादत(जन्म) पर नाते पाक, कलामों पर उत्सवी उल्लास बिखेरते नजर आए। जुलूस में ईसलामिक झंडे के साथ वतन के तिरंगे को रखकर देशप्रेम की मिसाल कायम की।  जुलूस परम्परागत मार्ग ईदगाह मैदान से कालेखा चौक, गुजराती स्कूल, पाल चौक, मनोहर कॉलोनी रोड, रामनगर बाजार चौक, अंडर ग्राउंड, यादव चौक, बापूजी व्यायाम शाला, बावली, चांदनी चौक, दुर्गा चौक, गोरेलाल चौक, जामा मस्जिद रोड, गाँधी प्रतिमा, जयस्तंभ चौक, मनोहर चौक, तेलघानी, मक्का मस्जिद, मामा चौक, डॉ बाहेकर, नूरी चौक, काका चौक, हनुमान चौक, नेहरू चौक, आम्बेडकर चौक से सीधे सुभाष स्कूल ग्राउंड में पहुँचकर उसका समापन हुवा।
  मौके पर मरकज़ी सीरतुन्नबी कमेटी के सदर इरफान शेख आदि सहित जिलेभर से आये हजारों मुस्लिम बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
गौरतलब है कि पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्मदिन इस्लामिक साल के रबीउल अव्वल महीने की 12 तारीख को मनाया जाता है। मक्का शहर में 571 ईसवी को पैगम्बर साहब हजरत मुहम्मद सल्ल. का जन्म हुआ था। इसी दिन को  ईद मिलादुन्नबी के रूप में भारत सहित पूरी दुनिया में एकसाथ मनाया जाता है।

जगह-जगह स्वागत-सत्कार
शाही जुलूस के मद्देनजर अपने नबी की शान में जगह जगह -स्वागत द्वार, तोरन झन्डे लगाए गए।बालकनियों से भी पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत हुआ। जगह-जगह  पानी, शर्बत के अलावा मिठाई, फल-स्नेक्स के पाउच और अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।  बजार क्षेत्र में कारोबारियों, सामाजिक संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियो की ओर से स्वागत कर कौमी एकता भाईचारा की मिसाल कायम की गई।

आजाद लाइब्रेरी की ओर से मरीजो व जरूरतमन्दों को फल वितरण

पैगम्बर मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश पर आजाद लाइब्रेरी,गोंदिया द्वारा इस वर्ष भी शासकीय वैधकीय महाविद्यालय-केटीएस जिला रुग्णालय में मरीजों को एवं जरूरतमन्दों को फल एवं बिस्किट का वितरण किया गया। विशेष है कि इस दिवस को खुशियों के रूप में मनाया जाता है। नबी-ए-करीम स.अ. हमेशा उम्मत के लिए जीए और उनकी बेहतरी के लिए खुदा से दुवाये की। इस फल वितरण में लाइब्रेरी के अध्यक्ष जब्बार खान जिलानी, रुग्णालय के डीन डॉ. रुखमोड़े सर, डॉ. जायसवाल, कटरे जी, मोहमद खालिद खान, प्रो. जफ़र खान सर, लतीफ शेख, मेहताब भाई, अनवर भाई, रिजवान शेख, हुसैन शेख, जावेद खान, तालिब भाई बेग, अफजल कुरैशी, रिजवान मैडम, अब्दुल रहमान खान आदि की मौजूदगी रही।

शुक्रवार से ही मोहल्ले सजे,  मिलाद शरीफ नातखानी हुई
पैगम्बर इस्लाम के योमे पैदाइश के मौके पर शहर के मक्का मस्जिद चौक, नूरी चौक, बड़ी मस्जिद, आजाद लाइब्रेरी चौक, छोटी मस्जिद, रामनगर गौसिया मस्जिद हुसैनी चौक, सुतिकागृह चौक, गौतम नगर मदीना मस्जिद, ईदगाह मैदान, एवं सुभाष स्कूल ग्रांउण्ड में तोरन, लाइटिंग लगाई गई और अनेक जगहों पर मिलाद शरीफ, नातेपाक, तकरीर आदि कर नमाजे अदा की गई।

जुलूस के बाद लंगर का आयोजन

जुलूसे मोहम्मदी के समापन के बाद सुभाष स्कूल ग्रांउण्ड, रामनगर बाजार चौक एवं शाम को मक्का मस्जिद गोविंदपुर में सार्वजनिक लंगर(भोजन) का आयोजन किया गया जहाँ हजारों लोगों ने इसका लाभ उठाया।

पुलिस व प्रसाशन की व्यवस्था रही चाक चौबंद

जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान शांति और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक श्री शिंदे की निगरानी में पुलिस बल जगह जगह तैनात किया गया। रामनगर थाना व शहर थाने की ओर से जुलूस का स्वागत किया गया। 

blank