मासिक कवि गोष्ठी का शानदार आयोजन
गोंदिया. किसी भी संस्था द्वारा कवियों को प्रतिमाह मंच प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहन एवं प्रसिद्धि दिलाने का उपक्रम वर्षों से सतत् जारी रखना निसंदेह एक सराहनीय प्रयास हैऔर यह प्रयास भिन्न भाषी साहित्य मंडल गोंदिया द्वारा निरंतर सफलता के आयामों को छू रहा है इसके लिये संस्था की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। उपरोक्त उद्गार श्री राजस्थानी ब्राह्मण सभा के वरिष्ठ समाज सेवी पं. बजरंग लाल शर्मा ने व्यक्त किये। वे भिन्न भाषी साहित्य मंडल गोंदिया द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह एवं मासिक कवि गोष्ठी के प्रसंग पर बतौर अध्यक्ष बोल रहे थे। ओबीसी रेलवे कर्मचारी असोसिएशन कार्यालय,अधिकारी रेलवे विश्राम गृह के सामने दि. २६ अक्टूबर रविवार को दोपहर में आयोजित इस कार्यक्रम के मंच पर वृक्षवेल राज्य स्तरीय साहित्य मंच महाराष्ट्र भारत के अध्यक्ष किशोर कुमार मलेवार प्रमुख अतिथि, विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्य रोमेन्द्र बोरकर, मंच संचालक वरिष्ठ कवि रमेश शर्मा, लब्ध प्रतिष्ठित गीतकार शिव शर्मा तथा प्रभारी संयोजक वरिष्ठ कवि छगन पंचे छगन उपस्थित थे। अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र के पूजनोपरांत अतिथियों एवं कवियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारी सदस्य छगन पंचे छगन,रूपचंद जुम्हारे,निखिलेशसिंह यादव, शशि तिवारी का अक्टूबर माह में जन्म दिन होने से अतिथियों द्वारा पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका अभिनन्दन कर बधाई दी गई। वहीं वृक्षवेल राज्य स्तरीय साहित्य मंच द्वारा तिरोडा के राज्य स्तरीय कवि सम्मेलन में सहभागी रूपचंद जुम्हारे, मनोज बोरकर मुसव्विर एवं चन्द्रप्रकाश बनकर को राज्य स्तरीय अध्यक्ष किशोर कुमार
मलेवार व मंचासीन अतिथियों द्वारा सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। गोष्ठी मे पहलीबार आयीं कवयित्री कीर्ति अग्रवाल का भी उर्मिला पंचे के हाथों पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया। कवि- गोष्ठी का शुभारंभ संस्था के प्रमुख संयोजक वरिष्ठ कवि गीतकार शशि तिवारी के मधुर स्वरों में माँ शारदा की वंदना से हुआ। मराठी भाषी कवि विजयकुमार मेश्राम, चन्द्रप्रकाश बनकर,किशोर मलेवार,श्री रोमेन्द्र बोरकर, ग़ज़लकार रूपचंद जुम्हारे सफर, छंद एवं मुक्तकों के कवि निखिलेशसिंह यादव, गीतकार किशनलाल सिंह गुरु, कवयित्री सुश्री कीर्ति अग्रवाल, व्यंग्य एवं ग़ज़लकार मनोज बोरकर मुसव्विर,प्राकृतिक कवि प्रकाश मिश्रा,वरिष्ठ गीतकार शिव शर्मा, शशि तिवारी एवं रमेश शर्मा की रचनाओं ने गोष्ठी में बहार ला दी। विशेषकर शिव शर्मा के गीतों को रसिकों ने खूब सराहा। दीपावली के साथ ही अन्य सामयिक संदर्भों पर प्रस्तुत काव्य रचनाओं का रसिकों ने आनंद उठाया। आरंभिक कार्यवाही का संचालन जहाँ शशि तिवारी ने किया वही कवि गोष्ठी का अपने विशेष अंदाज में रमेश शर्मा ने संचालन कर गरिमा प्रदान की। आभार सह सचिव निखिलेशसिंह यादव ने माना। गोष्ठी में ओबीसी रेलवे कर्मचारी असोसिएशन गोंदिया के अध्यक्ष श्री रविशंकर यादव,मंडल के सचिव मनोज एल जोशी, श्रीमती पशीने,लखन चौरीवार, गगन यादव, ओम खोड़े,आदि उपस्थित थे।





