नागपुर-विदर्भ के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित

0
23

नागपुर। नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर नागपुर सहित विदर्भ के 31 पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें नागपुर के 8 पुलिस अधिकारी-कर्मी शामिल हैं। राज्य के पुलिस दल में बहादुरी, विशेष सेवा और उल्लेखनीय कार्य करने वाले 68 पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। इनमें गड़चिरोली पुलिस दल के तीन जवानों का समावेश है, जिन्हें मरणोपरांत यह सम्मान दिया जा रहा है। ये तीनों जवान गड़चिरोली में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हो गए थे, जिसमें हवलदार गणपत नेवरू मडावी मुठभेड के दौरान ही शहीद हो गए थे।

शौर्य पदक
गड़चिरोली पुलिस दल के शहीद हुए गिरधर नागो आत्राम को पुलिस शौर्य पदक घोषित किया गया है। गड़चिरोली के ही तत्कालीन पुलिस अधीक्षक मो. सुवेज महबूब हक को पुलिस शौर्य पदक दिया जाएगा। हक ने गड़चिरोली जिले में चुनाव के समय चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्वक ढंग से निपटाने के लिए अहम भूमिका निभाई। इसके लिए चुनाव आयोग द्वारा भी पुरस्कार घोषित किया गया है। गड़चिरोली पुलिस दल में उपाधीक्षक यशवंत काले, उपनिरीक्षक प्रकाश वाघमारे, पुलिस नायक गंगाधर सिडाम, सिपाही मुरलीधर येलाडी, उपनिरीक्षक अतुल तावडे, अंकुश माने, पुलिस नायक विनोद हिचामी, पुलिस सिपाही सुनील मडावी (मरणोपरांत) और पुलिस नायक इंद्रशहा सडमेक को पुलिस शौर्य पदक प्रदान किया जाने वाला है।

गोंदिया, वर्धा व अमरावती
गोंदिया पुलिस दल के पुलिस उपनिरीक्षक संदीप म्हस्के, सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र तिवारी, हवलदार रमेश येडे, पुलिस नायक वामन पारधी, राधेश्याम गाते और उमेश इंगले को पुलिस शौर्य पदक प्रदान किया जाएगा। वर्धा जिले के पुलगांव विभाग के पुलिस उपाधीक्षक राजन
पाली को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा। अमरावती के पुलिस आयुक्त डा. सुरेश मेकला, राज्य आरक्षी बल अमरावती के पुलिस निरीक्षक गौतम गडमाडे, गोंदिया पुलिस दल के अपराध पुलिस शाखा के पुलिस निरीक्षक सुरेश भोयर को सम्मानित किया जाएगा।

गड़चिरोली अव्वल
महाराष्ट्र पुलिस दल के विविध पदक प्राप्त पुलिस अधिकारियों की सूची में गड़चिरोली जिला अव्वल नंबर पर है। इस जिले के 13 पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। इसमें शहीद हवलदार गणपत मडावी, शहीद गिरधर आत्राम और शहीद सुनील मडावी को मरणोपरांत पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

नागपुर के 8 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी
नागपुर पुलिस विभाग के 8 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा। राज्य आरक्षी पुलिस दल के सहायक कमांडेंट अशोक वाघमारे को राष्ट्रपति पुलिस विशेष सेवा पदक दिया जाएगा। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य पुलिस अधीक्षक शशिकांत माने, नागपुर विशेष शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त नीताराम कुमरे को उल्लेखनीय कार्य के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के निरीक्षक बलिराम जीवतोड़े, राज्य आरक्षी बल के पुलिस निरीक्षक दामोदर प्रसाद सिंह और कौशलधर दुबे, राज्य आरक्षी बल के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक सच्चिदानंद राय और केशव मोरे को राष्ट्रपति पुलिस पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।