सलमान और आमिर मुंबई को बनायेंगे बेस्ट सिटी

0
8

मुंबई. मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने बांद्रा (प.) स्थित रंगशारदा सभागृह में मुंबई के विकास योजना (डीपी प्लान) पर शनिवार को परिचर्चा का आयोजन किया। जिसमें अभिनेता आमिर खान, सलमान खान, महेश मांजरेकर, गीतकार जावेद अख्तर, रितेश देशमुख, पटकथा लेखक सलीम खान सहित विभिन्न क्षेत्रों की कई मशहूर हस्तियों ने शिरकत की। इस परिचर्चा में ख़ासकर सलमान और आमिर ने मुंबई को बेहतर शहर बनाने के लिए अपने आईडियाज़ शेयर किए।
राज ठाकरे ने ‘अपनी मुंबई, क्या है उसके नसीब में?’ इस नाम से आयोजित परिचर्चा को संबोधित करते हुए कहा कि आरे कॉलोनी के कई पेड़ों को काट कर वहां मेट्रो-3 के लिए कारशेड बनाने के अच्छा है कि बीपीटी की जमीन पर कारशेड का निर्माण किया जाये। उन्होंने बताया कि असल में सरकार आरे कॉलोनी के जंगल को ‘इको सेन्सीटीव जोन’ घोषित करने वाली थी, मगर प्रस्तावित डीपी प्लान में उसे हरे पट्‌टे से ही गायब कर दिया गया है।
मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने दो टूक लहजे में कहा कि मुंबई को बिल्डर और नेताओं ने मिलकर बर्बाद किया। बिल्डरों पर हमला बोलते हुए कहा कि बड़े फ्लैट बड़ी संख्या में नहीं बिकने की वजह से बंद पड़े हुए हैं। इसके बावजूद बिल्डरों को छोटे फ्लैटों का निर्माण करने में शर्म आती है।
रितेश देशमुख ने कहा कि हमारा अपना शहर कैसा होना चाहिए? इस विषय पर जनता की राय मतदान के जरिए लेकर तय की जानी चाहिए। पटकथा लेखक सलीम खान ने कहा कि यदि सभी लोग छोटी सी छोटी जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हो जायें, तो मुंबई शहर का अच्छी तरह से विकास हो सकता है। परंतु शहर के विकास का िनयोजन सिर्फ बिल्डर और प्रशासन पर ही नहीं छोड़ा जाना चाहिए। बॉलीवुड की मशहूर हस्तियों के अलावा मराठी फिल्म जगत के अभिनेताओं और अलग-अलग विषयों के जानकारों ने भी राज ठाकरे द्वारा आयोजित इस परिचर्चा में अपनी राय व्यक्त की।