गोंदिया : स्थानीय शारदा वाचनालय के सभागार में १४ सितंबर हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में दोपहर ४ बजे से शिव शर्मा की अध्यक्षता में काव्य-गोष्ठी का आयोजन किया गया।
यह आयोजन दो चरण में आयोजित था, पहले सोपान में शारदा वाचनालय के उपाध्यक्ष शिव शर्मा एवं सदस्य गणेश अग्रवाल ने हिंदी की आवश्यकता तथा महत्व के विषय में अपने विचार रखे।
दूसरे चरण में वाचनालय प्रमुख पं. शिव शर्मा के संचालन में काव्य गोष्ठी का प्रारंभ हुआ। कवि प्रा.अनुराग नागपुरे ने कविता एवं गजल के माध्यम से हिंदी की स्तुति की। इस के पश्चात आमगांव से पधारे कवि असीम आमगावी ने गजल का पाठ किया। कविवर सुरेश बंजारा ने अपने विशिष्ट अंदाज में खूबसूरत गजल पढ़ी। कवियत्री सौ.सुषमा यदुवंशी ने मर्मयुक्त कविता प्रस्तुत की, बालाघाट से पधारे कवि राजेंद्र शुक्ल ‘सहज’, कवि अशोक सागर मिश्र, शायर अनुज तिवारी ‘जफर’, तथा प्रणय श्रीवास्तव जी ने अपने मुक्तक, गीत, कविता, घनाक्षरी और आला दर्जे की शायरी से खूबसूरत समां बांधा, इसी श्रृंखला में मराठी भाषा के कविमित्र युवराज गंगाराम ने अपनी उपस्थिति दर्ज की। इस अवसर पर संगीतकार-गीतकार अशोक पारधी ‘पंवार’ ने दो गीतों का सस्वर पाठ किया। अंत में नगर के वरिष्ठ कवि पं. शिव शर्मा ने सार-गर्भित कविता से गोष्ठी का समापन किया।
सभागार में सुधि श्रोताओं ने हर काव्य-क्षण का संपूर्ण आनंद ग्रहण किया, अंत में शारदा वाचनालय के सचिव जगदीश मिश्रा ने सभी का आभार माना। संपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में शारदा वाचनालय के कर्मचारीगण एवं विद्यार्थी-पाठकों का विशेष योगदान रहा।




