गोरेगांव,दि २६ :-: संकट की घड़ी में हर कोई अपनी-अपनी स्वेच्छा से जरुरतमंदों की मदद कर सेवा का लाभ ले रहे हैं। इसी कड़ी में संत एवं उनके भक्त भी पीछे नहीं है। गोरेगांव तहसील के प्रसिद्ध आराध्य स्थल धानुटोला पहाड़ी पर स्थित ब्रम्हलीन श्री श्यामदास महाराज के हरीभक्त परायण सेवकराम टेकाम महाराज एवं उनके अनुयायियों ने जरुरतमंद को अनाज मिले, इस उद्देश्य को लेकर गोरेगांव तहसील के तहसीलदार वेदी को अनाज की किट देकर इस संकट की घड़ी में मदद का हाथ बढ़ाया है। इस संदर्भ में जानकारी दी गई कि श्री श्यामदास महाराज का आश्रम प्रसिद्ध आराध्य स्थल धानुटोला पहाडी पर है। उनके भक्त हरिभक्त परायण सेवकराम टेकाम, खोकले बाबु, कंठीलाल कटरे तथा अन्य भक्तों द्वारा मदद पहुंचाई जा रही है। यह मदद कोविड १९ की वजह से जिले के हजारों परिवारों पर आर्थिक संकट आन पड़ा है, ऐसे परिवारों को अनाज की किट उपलब्ध कराई जा रही है। अनाज तहसीलदार वेदी के माध्यम से जरुरतमंदों तक पहुंचाए जाने का कार्य किया जा रहा है।





