केंद्रीय मंत्री वीरेंद्रकुमार खटिक से सांसद प्रफुल पटेल व राजेंद्र जैन ने की सकारात्मक चर्चा
गोंदिया– संसद भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटिक से सांसद प्रफुल पटेल एवं सांसद राजेंद्र जैन ने भेंट कर लोधी समाज को केंद्रीय पिछड़ा वर्ग (OBC) सूची में शामिल किए जाने के संबंध में सकारात्मक चर्चा की।
इस दौरान प्रफुल पटेल ने अवगत कराया कि महाराष्ट्र में निवासरत 33 जातियों, जिनमें लोधी जाति भी शामिल है, इनको राज्य की पिछड़ा वर्ग सूची में स्थान प्राप्त है। किंतु इन्हें अब तक केंद्रीय पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल नहीं किए जाने के कारण समाज के लोगों को केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न योजनाओं एवं आरक्षण संबंधी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।इस विषय पर केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटिक ने गंभीरता से चर्चा करते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया कि लोधी समाज व अन्य 33 जातियों को केंद्रीय पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पर शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई करने का प्रयास किया जाएगा।





