वन्यजिव वनविभाग के कर्मचारी दिन रात कर रहे गश्त

0
51

गोंदिया- २० मार्च को होली एवं २१ मार्च को धुलिवंदन होने के कारण परंपरागत रूप से हर शहर एवं कस्बों में होलिका दहन किया जाता है। जिसे देखते हुए संरक्षित वन क्षेत्रों में घटित घटनाओं का इतिहास तथा इस क्षेत्र के सटे हुए इलाकों में शिकार की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने नवेगांव-नागझिरा व्याघ्र संरक्षित क्षेत्र एवं आसपास के क्षेत्रों में दिन रात की जाने वाली गश्त में बढ़ोतरी कर दी है। वन्य प्राणियों का अवैध शिकार, अवैध पेड़ कटाई एवं अन्य घटनाओं पर नियंत्रण लगाने के लिए वन्यजीव संरक्षण विभाग की ओर से ७ वन परिक्षेत्र अधिकारी, २४ वनपाल, १२३ वनरक्षकों के अलावा विशेष व्याघ्र संरक्षण दल के १ सहायक वन संरक्षक, ३ वनक्षेत्र पाल, ८१ वनरक्षक २५ वन निरीक्षक, ५८ वन मजदूर एवं अन्य ३३० मजदूर इन दिनों दिन रात गश्त में लगे हुए हैं। इसके अलावा वन विभाग गोंदिया-भंडारा, वन विकास महामंडल गोंदिया-भंडारा एवं विद्युत विभाग के ५०० से अधिक अधिकारी व कर्मचारी भी संयुक्त गश्त करेंगे। होली को देखते हुए आग से वनों के संरक्षण के लिए विभाग के पास उपलब्ध संसाधन एवं मशिनरी को सुसज्जित रखा गया है। इस दौरान राष्ट्रीय उद्यान एवं अभयारण्य क्षेत्र में पर्यटकों के भ्रमण पर भी नियंत्रण रखा जाएगा। सभी प्रकार की गश्त पूरे सप्ताहभर चलेगी। यह जानकारी नवेगांव-नागझिरा व्याघ्र संरक्षित के वन संरक्षक तथा क्षेत्र संचालक द्वारा दी गई है।