दिल्ली की अदिति बनीं मिस इंडिया 2015

0
17

मुंबई। दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने वालीं अदिति आर्या देश की नई मिस इंडिया बन गई हैं। मुंबई की आफ्रीन रेचल वाज फर्स्ट रनर-अप रहीं वहीं लखनऊ आईटी कॉलेज से पढ़ाई करने वाली वर्तिका सिंह सेकंड रनर-अप रहीं। फाइनल में पहुंची अन्य प्रतिभागियों में तान्या होप और दीक्षा कौशल शामिल थीं।
शनिवार को मुंबई स्थित यशराज स्टूडियो में आयोजित एफबीबी फेमिना मिस इंडिया 2015 के रंगारंग कार्यक्रम में कई बॉलीवुड हस्तियों ने परफॉर्म किया। शाहिद कपूर ने जहां गंदी बात गाने में डांस किया तो वहीं करीना ने भी डांस परफॉर्मेंस दिया। इनके अलावा कार्यक्रम में हंसी का तड़का कॉमेडी विद कपिल की पलक और दादी ने लगाया।
प्रतियोगिता में दिल्ली की लड़कियों का दबदबा रहा। अदिति ने जहां मिस इंडिया का ताज अपने नाम किया वहीं, दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स की छात्रा दीक्षा कौशल ने टॉप पांच में स्थान बनाया। दिल्ली यूनिवर्सिटी की ही छात्रा रहीं रुशाली राय टॉप टेन तक पहुंचने में कामयाब रहीं। अदिति को वर्तमान मिस इंडिया कोयल राणा ने ताज पहनाया। इस साल पूरे देश की 21 सुंदरियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।