रायपुर रेलवे स्टेशन में थ्री स्टार होटल

0
22

रायपुर | राजधानी के रेलवे स्टेशन में मल्टी फंक्शनल कांप्लेक्स एमएफसी शुरू होते ही 24 घंटे ताजा भोजन और फास्ट फूड मिलने लगा है। कांप्लेक्स के एक हिस्से में थ्री स्टार होटल की सुविधा भी मिली है। दो महीने के भीतर इसी कांप्लेक्स में मेडिकल स्टोर और बड़ा बुक स्टॉल खुल जाएगा। जानी मानी ब्रांडेड कंपनियों की ब्रांच भी खुलने जा रही है। दिल्ली दरबार जैसा फेमस ग्रुप भी स्टेशन में ब्रांच खोलकर प्रदेश में एंट्री कर रहा है।
कांप्लेक्स के होटल में ठहरने वाले यात्रियों से चौबीस घंटे के हिसाब से किराए का भुगतान नहीं लिया जा रहा है। कई बार रेल यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में कुछ घंटे के लिए स्टेशन में ठहरना पड़ता है। परिवार सहित सफर करने वालों के लिए इसमें दिक्कत होती है। ऐसे यात्रियों को ध्यान में रखते हुए उसी हिसाब से होटल का टैरिफ घंटे के हिसाब से फिक्स किया गया है। होटल में छह-छह घंटे का टैरिफ बनाया गया है।

साउथ इंडियन डिश और चाइनीज फूड के बड़े ग्रुप भी यहां अपनी ब्रांच खोलने जा रहे हैं। यात्रियों के लिए ये 24 घंटे खुले रहेंगे। किसी भी समय ट्रेन से आने वाले यात्री भोजन कर सकेंगे। मल्टी फंक्शनल कांप्लेक्स के थ्री स्टार होटल में 68 कमरे होने के कारण यात्रियों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं हो रही है। ट्रेन से आने वाले यात्रियों को कमरे आसानी से मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में अलग काॅफी शॉप भी परिसर में खोलने की तैयारी है। बिलासपुर जोन के किसी भी स्टेशन में इस तरह का कांप्लेक्स नहीं है। नागपुर और बिलासपुर के स्टेशन में कांप्लेक्स बन रहा है।