मतदाता कार्ड नाली में पाए जाने के मामले में तीन कर्मचारियों का तबादला, विभागीय जांच शुरू 

0
16
गोंदिया,दि.19ः- गोंदिया शहर के स्टेडियम परिसर में २९ अक्टूबर को बड़ी संख्या में आमगांव, गोंदिया, तिरोड़ा विधानसभा क्षेत्र के मतदाता कार्ड नाली में पाए जाने के मामले में तत्कालिन चुनाव विभाग में कार्यरत तीन कर्मचारियों का तबादला कर विभागीय जांच शुरू की गई है।
गौरतलब है कि २९ अक्टूबर को गोंदिया शहर के स्टेडियम परिसर में बड़ी संख्या में आमगांव, गोंदिया व तिरोड़ा विधानसभा क्षेत्र के वर्ष २०१५ के मतदाता कार्ड पाए गए थे। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कादंबरी बलकवडे द्वारा कड़ी कार्रवाई के दिशानिर्देश जारी करते हुए उक्त जिलाधिकारी अशोक लटारे के नेतृत्व में जांच समिति का गठन कर जांच शुरू की गई। इस जांच में गोंदिया जिले में कार्यरत तत्कालिन अधिकारियों व कर्मचारियों को भी जांच समिति समक्ष उपस्थित होना पड़ा था। इस कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए तत्कालिन चुनाव विभाग में लिपिक पद पर कार्यरत तथा वर्तमान समय में अन्य स्थानों पर कार्यरत तीन कर्मचारियों का तबादला कर विभागीय जांच शुरू की गई है। जिसमें वर्ष २०१५ में जिला चुनाव विभाग में कार्यरत वरिष्ठ लिपीक अनिल झरारिया जो वर्तमान में जिलाधिकारी कार्यालय में कार्यरत थे। उनका तबादला तहसील कार्यालय सालेकसा में किया गया। वर्ष २०१५ में देवरी तहसील कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ लिपीक महेंद्र नागपुरे जो वर्तमान में तहसील कार्यालय सालेकसा में कार्यरत है। उसका तबादला तिरोड़ा तहसील कार्यालय में किया गया। वर्ष २०१५ में आमगांव में कनिष्ठ लिपीक के रूप में कार्यरत श्रीमती अनिता बारेवार जो वर्तमान में तहसील कार्यालय आमगांव में कार्यरत थी। उनका तबादला तहसील कार्यालय गोंदिया में किया गया। विशेष यह है कि उपरोक्त आदेश १२ नवंबर २०१८ को जारी किया गया। जिसके पश्चात तत्काल प्रभाव से तीनों कर्मचारियों द्वारा उनके वर्तमान कार्यस्थल से कार्यमुक्त कर तबादला किए गए स्थान पर नियुक्त किया गया है। जिसके पश्चात अब विभागीय जांच शुरू करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया। उनके जवाब के पश्चात ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।