बालाघाट,21 मईः– जिले की खैरलांजी तहसील के ग्राम भजियादंड का एक व्यक्ति कोरोना पाजेटिव पाया गया है। यह व्यक्ति 16 मई की रात्री को मुंबई से अपने गांव भजियादंड आया था। 20 मई को उसकी कोरोना रिपोर्ट पाजेटिव आयी है। भजियादंड के इस मरीज को उपचार के लिए बालाघाट के सरदार पटेल होमियोपैथ कालेज गायखुरी-बालाघाट में बनाये गये कोविड-19 अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
कलेक्टर दीपक आर्य ने बताया कि 20 मई को आईसीएमआर लैब जबलपुर से प्राप्त रिपोर्ट में भजियादंड के मरीज की कोरोना रिपोर्ट पाजेटिव पायी गई है। इस मरीज के गांव भजियादंड को अब सील कर दिया गया है और उसके सम्पर्क में आये सभी लोगों को क्वेरंटाईन कर दिया गया है। भजियादंड के ग्रामीणों को अपने घर पर रहने और बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
वारासिवनी एसडीएम संदीप सिंह ने भजियादंड जाकर गांव को सील कराने की कार्यवाही की है। एसडीएम सिंह ने बताया कि कोरोना पाजेटिव पाया गया व्यक्ति अपने 07 साथियों के साथ मुंबई से चला था और पिकअप वाहन से महाराष्ट्र के तिरोड़ा परसवाड़ा होते हुए वैनगंगा पुल से 16 मई की रात्री में खैरी पहुंचे थे। उसके दो साथी बालाघाट जिले की सीमा में प्रवेश करने से पहले महाराष्ट्र में ही कहीं वाहन से उतर गये थे। इस प्रकार वे 05 लोग खैरी पहुंचे थे। लेकिन तिरोड़ा से खैरी आने वाली रोड को पहले ही बंद कर दिया गया था। इसके कारण से इन लोगों ने अपने गांव के तीन लोगों को मोटर साईकिल से लेने के लिए खैरी नाके तक आने कहा था। तीन मोटर साईकिल से यह 5 लोग 16 मई की रात में भजियादंड पहुंचे थे। इनमें से तीन व्यक्ति भजियादंड के, एक मुरझड़ का और एक व्यक्ति ग्राम अतरी का था।
17 मई को यह पांचों लोग अपने घर पर ही रूके थे। 18 मई को भजियादंड के एक युवक का स्वास्थ्य खराब होने पर वह खैरलांजी के अस्पताल में उपचार कराने आया था। जिस पर कोरोना संदिग्ध होने के कारण उसे खैरलांजी के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था और उसका सेंपल लेकर कोरोना टेस्ट के लिए जबलपुर भेज दिया गया था। 20 मई को भजियादंड के संदिग्ध मरीज की कोरोना रिपोर्ट पाजेटिव आने पर उसे उपचार के लिए कोविड-19 अस्पताल बालाघाट में भर्ती करा दिया गया है।
एसडीएम सिंह ने बताया कि भजियादंड के कोरोना पाजेटिव पाये गये व्यक्ति के परिवार के सभी सदस्यों को होम क्वेरंटाईन में रहने कहा गया है और उस गांव को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। कोरोना पाजेटिव व्यक्ति के परिवार के सभी सदस्यों का भी कोरोना टेस्ट कराने के लिए सेम्पल जबलपुर भेजे जायेंगें। इसके साथ ही कोरोना मरीज के सम्पर्क में आये ग्राम भजियादंड, मुरझड़ एवं अतरी के सभी चार लोगों एवं उन्हें मोटर साईकिल से लेने के लिए खैरी तक आये तीन लोगों को भी क्वेरंटाईन में रहने कहा गया है।
जनता से लाकडाउन का कड़ाई से पालन करने की अपील
कलेक्टर दीपक आर्य ने जिले की जनता से अपील की है कि वह जिले में कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने के लिए पूरी सावधानी व सर्तकता बरते। अनावश्यक घर से बाहर न निकलें। बालाघाट जिला अब तक एक भी कोरोना पाजेटिव मरीज नहीं होने के कारण ग्रीन जोन में था। लेकिन अब यह जिला भजियादंड में एक कोरोना पाजेटिव केस मिलने से ग्रीन जोन से रेड जोन में आ गया है। यह बालाघाट जिले का पहला कोरोना पाजेटिव केस है। बालाघाट जिले में एक लाख 3 हजार से लोग वापस आये है। इनमें से बहुत से लोग चेन्नई, मुंबई, हैदराबाद, बैंगलोर, पुणे, औरंगाबाद, अहमदाबाद, अहमदनगर, सूरत, इंदौर, भोपाल आदि रेड जोन से भी आये है। अत: बालाघाट जिले की जनता कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लाकडाउन का सख्ती से पालन करे और अपने घर पर ही रहे। बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। बार-बार अपने हाथों को सेनेटाईज करें या साबुन से धोएं और 06 फिट की फिजिकल डिस्टेंशिंग का अनिवार्य रूप से पालन करें।





