दिग्विजय सिंह का आरोप, 48 जगहों से शिवराज का नाम हटाया गया

0
12

भोपाल. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी और अरुण यादव ने एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोला। दिग्विजय सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान सीधे-सीधे व्यापमं घोटाले में शामिल हैं। घोटाले में 48 जगह शिवराज सिंह का नाम था, जिसे हटाकर दूसरे भाजपा नेताओं का नाम जोड़ा गया। कांग्रेस के नेताओं ने व्यापमं घोटाले में सीएम और उनकी सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए शिवराज सिंह चौहान से इस्तीफे की मांग की। इस मामले में कांग्रेस अब विधानसभा और संसद घेरने की तैयारी कर रही है। हालांकि, कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के थोड़ी देर बाद मध्य सरकार के मंत्री नरोत्तम मिश्र ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि कांग्रेसियों के पास अगर कोई सबूत है तो वे पेश करें, सिर्फ आरोप न लगाएं।

दिग्विजय सिंह: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीधे-सीधे व्यापमं घोटाले में शामिल हैं। घोटाले में 48 जगह शिवराज सिंह का नाम था, जिसे हटाकर दूसरे भाजपा नेताओं का नाम जोड़ा गया। STF ने एक्सल शीट जब्त की थी। उसमें 48 जगह सीएम का नाम था। एसटीएफ पर दबाव डालकर उसे मिटाया गया। शिवराज की जगह मिनिस्टर और उमा भारती का नाम जोड़ा गया। राजभवन का नाम भी शिवराज की जगह लिख दिया गया। हार्ड डिस्क की टेम्परिंग कर उसमें से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम को हटाया गया। यह नाम 131 में से 48 स्थानों पर था, लेकिन 21 जगह सीएम के नाम को हटाकर मिनिस्टर, एक स्थान पर एमएस, एक जगह राजभवन और सात स्थानों पर उमा भारती किया गया। 18 स्थानों से तो नाम ही हटा दिया गया। एक्सल शीट में मिनिस्टर टू, थ्री और फोर के नाम 17 जगह लिखे थे मगर टू, थ्री और फोर हटाकर केवल मिनिस्टर कर दिया गया।
दिग्विजय के अन्य आरोप
दिग्विजय सिंह ने सोमवार सुबह एसआईटी को एक शपथ पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा कि, अगर उनके आरोप झूठ हैं, तो उन पर मामला दर्ज किया जाए। दिग्विजय सिंह ने कहा, संविदा शिक्षक,परिवहन आरक्षक, एसआई, फूड इंस्पेक्टर और वन विभाग की भर्ती परीक्षाओं में भी गड़बड़ी की गईं। एसटीएफ की सीआर सीएम लिखता है और वह उनकी निष्पक्ष जांच कैसे कर सकती है। इस मामले में अब सड़क पर कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार को घेरेंगे और संसद-विधानसभा में हम घेरेंगे। दिग्विजय सिंह ने मीडिया को एक्सल शीट की कॉपी दिखाई और दावा किया कि, वह असली है।
कमलनाथ: व्यापमं घोटाले की जांच ठीक से हो सके और सच सामने आए, इसके लिए शिवराज सिंह को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे ने व्यापमं घोटाले में मप्र के राज्यपाल रामनरेश यादव के बेटे का नाम सामने आने पर कहा कि, अगर वे राज्यपाल होते, तो इस्तीफा दे देते।