दपूम मंडल मालामाल,1490 करोड़ रुपये हुए हैं मंजूर

0
26

नागपुर। नई घोषणाओं पर जोर न देकर रेलवे ने पुरानी घोषणाओं के लिए दोनों हाथ खोलकर राशि प्रदान की है। दपूम रेलवे के लिए इस बजट में कुल 1490 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं, जो गत वर्ष की तुलना 240 करोड़ रुपये अधिक हैं। ऐसे में यात्रियों की सुविधा बढ़ाने में आसानी होगी। उक्त विचार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के मंडलीय प्रबंधक आलोक कंसल ने व्यक्त किये। गुरुवार को रेल बजट के बाद पत्रकारों से औपचारिक चर्चा के दौरान वे बोल रहे थे।
श्री कंसल ने बताया कि वर्ष 2015-16 के लिए नागपुर मंडल ने 456 करोड़ का प्रस्ताव भेजा था। दपूम रेलवे के हिस्से में विकास कार्य के लिए 1490 करोड़ मंजूर किये गये हैं। ऐसे में अपेक्षाएं पूरी होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। हालांकि अधिकृत जानकारी नहीं मिली है।
बजट में यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा की ओर खास ध्यान दिया गया है। खान-पान सुविधा एसएमएस से मिलेगी। साथ ही स्टेशनों पर वॉटर वेंडिग मशीनें स्थापित होंगी।
चुनिंदा गाडिय़ों के महिला बोगी में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने को लेकर आंकड़ों में बात करें तो 75.5 करोड़ दिये गए हैं। गत वर्ष यह आंकड़ा 59.60 करोड़ रुपये था। इसके अलावा 21 स्टेशनों पर ऑटोमेटिक वेंडिग मशीन लगाने का ऐलान हुआ है। इसमें दपूम के कुछ स्टेशनों का समावेश रहेगा।

श्री कंसल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए एमपी फंड से भी मदद मिल सकती है। दपूम रेलवे कुल 9 सांसदों से मदद लेकर इसे साकार कर सकती है।

मध्य रेलवे नागपुर मंडल की अनभिज्ञता
मध्य रेलवे नागपुर मंडल गुरुवार को हुए रेल बजट से अनभिज्ञ नजर आया। मंडल रेल प्रबंधक ओ.पी.सिंह से पत्रकारों ने औपचारिक चर्चा करने पर बजट के प्रति उदासीन रवैया दर्शाते हुए जानकारी नहीं रहने की बात कही। साथ ही मंडल की ओर से यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए क्या प्रस्ताव भेजा व गुरुवार को हुए बजट में क्या मिला, जैसे सवालों पर उन्होंने नियमों का उल्लंघन होने का हवाला देते हुए पल्ला झाड़ दिया।
नागपुर-वर्धा थर्ड लाइन को प्राथमिकता दी है। बड़ी घोषणाओं पर ज्यादा ध्यान नहीं देते हुए यात्रियों के हित में छोटी घोषणाओं को महत्व दिया गया है। आमलोगों के हित में बजट है।
-ओ.पी. सिंह, मंडल रेल प्रबंधक, मध्य रेलवे
नागपुर मंडलनई गाडिय़ों को शुरू करने की घोषणा कर इंतजार नहीं कराया गया है। पुरानी घोषणाओं पर ध्यान देकर यात्री सुविधा बढ़ाने की कोशिश की गई है। निश्चित ही राहत मिलेगी। आलोक कंसल, मंडल प्रबंधक, दपूम रेलवे
नागपुर मंडल